बीजापुर नेशनल पार्क इलाके में मुठभेड़, 4 महिला समेत 6 नक्सली ढेर, एरिया कमेटी चीफ दिलीप वेंडजा मारा गया

छत्तीसगढ़–महाराष्ट्र सीमा पर बीजापुर के नेशनल पार्क क्षेत्र में सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच हुई मुठभेड़ में 4 महिला नक्सलियों समेत कुल 6 नक्सली मारे गए। मारे गए नक्सलियों में नेशनल पार्क एरिया कमेटी का चीफ दिलीप वेंडजा भी शामिल है। मुठभेड़ स्थल से सुरक्षाबलों ने बड़ी मात्रा में हथियार और गोला-बारूद बरामद किया है।
सुरक्षा एजेंसियों को 17 जनवरी की सुबह सूचना मिली थी कि नेशनल पार्क इलाके में नक्सली लीडर पापाराव के साथ बड़ी संख्या में नक्सलियों की मौजूदगी है। सूचना के आधार पर डीआरजी की टीम को नक्सल विरोधी अभियान के लिए रवाना किया गया। इसी दौरान जंगल क्षेत्र में जवानों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ शुरू हो गई।
मुठभेड़ में दिलीप वेंडजा के अलावा एरिया कमेटी मेंबर पालो पोड़ियम, माड़वी कोसा और पीएम जुगलो वंजाम मारे गए। अगले दिन सर्च ऑपरेशन के दौरान दो और नक्सलियों के शव बरामद हुए, जिससे कुल मृतकों की संख्या छह हो गई। इनमें से दो नक्सलियों की पहचान की प्रक्रिया जारी है।
घटनास्थल से 2 एके-47 राइफल, एक इंसास राइफल, एक कार्बाइन और एक 303 राइफल बरामद की गई है। पालो पोड़ियम पर 5 लाख, जुगलो पर 2 लाख, दिलीप वेंडजा पर 8 लाख और माड़वी कोसा पर 5 लाख रुपये का इनाम घोषित था।
बताया जा रहा है कि जिस इलाके में मुठभेड़ हुई, वह नक्सली पापाराव का प्रभाव क्षेत्र माना जाता है। इसी बीच तेलंगाना बीजेपी ने सोशल मीडिया पर दावा किया है कि मुठभेड़ में पापाराव भी मारा गया है, हालांकि छत्तीसगढ़ और तेलंगाना पुलिस ने इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
सुरक्षा एजेंसियों के मुताबिक बीते डेढ़ साल में 23 बड़े नक्सली मारे जा चुके हैं और कई शीर्ष नक्सलियों ने आत्मसमर्पण किया है। फिलहाल बचे हुए शीर्ष नक्सलियों की तलाश के लिए जंगल क्षेत्रों में सर्च ऑपरेशन तेज कर दिया गया है।





