भारत को मिली पहली स्लीपर वंदे भारत ट्रेन, हावड़ा–गुवाहाटी रूट पर तेज और आरामदायक सफर की शुरुआत

देश में रेल यात्रा के इतिहास में नया अध्याय जुड़ गया है। भारत को पहली वंदे भारत स्लीपर ट्रेन की सौगात मिली है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पश्चिम बंगाल के मालदा से हावड़ा–गुवाहाटी मार्ग पर इस ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह पहली वंदे भारत ट्रेन है जिसमें स्लीपर सुविधा दी गई है, इससे पहले वंदे भारत एक्सप्रेस केवल बैठने वाली श्रेणी में ही संचालित हो रही थीं।
इस ट्रेन के शुरू होने से हावड़ा से गुवाहाटी के बीच यात्रा समय में लगभग ढाई घंटे की कमी आएगी। अभी इस रूट पर ट्रेन से सफर करने में करीब 18 घंटे लगते हैं। नई स्लीपर वंदे भारत ट्रेन को लंबी दूरी की यात्रा के लिए डिजाइन किया गया है, जिससे यात्रियों को तेज, सुरक्षित और अधिक आरामदायक सफर का अनुभव मिलेगा।
प्रधानमंत्री ने कार्यक्रम के दौरान कहा कि नई रेल सेवाओं और विकास परियोजनाओं से न केवल यात्रा आसान होगी, बल्कि व्यापार और रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि भारतीय रेल आधुनिक होने के साथ-साथ आत्मनिर्भर बन रही है और अब देश में ही अत्याधुनिक रेल इंजन, कोच और मेट्रो ट्रेनें तैयार की जा रही हैं।
स्लीपर वंदे भारत ट्रेन पूरी तरह वातानुकूलित है और इसे 180 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलने के लिए तैयार किया गया है। यह ट्रेन हवाई यात्रा जैसा अनुभव देने के साथ-साथ किफायती किराए में उपलब्ध होगी। इससे धार्मिक पर्यटन और सामान्य यात्रियों दोनों को लाभ मिलेगा।
किराए की बात करें तो हावड़ा से कामाख्या तक थर्ड एसी का किराया 2,299 रुपये, सेकंड एसी का 2,970 रुपये और फर्स्ट एसी का किराया 3,640 रुपये तय किया गया है।
इसके साथ ही प्रधानमंत्री ने वीडियो कॉन्फ्रेंस के जरिए चार नई अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेनों को भी हरी झंडी दिखाई। इनमें न्यू जलपाईगुड़ी–नागरकोइल, न्यू जलपाईगुड़ी–तिरुचिरापल्ली, अलीपुरद्वार–बेंगलुरु और अलीपुरद्वार–मुंबई (पनवेल) मार्ग की ट्रेनें शामिल हैं। इन ट्रेनों से पूर्वी और उत्तर-पूर्वी भारत की दक्षिण और पश्चिम भारत से कनेक्टिविटी और मजबूत होगी।
नई वंदे भारत स्लीपर ट्रेन और अमृत भारत एक्सप्रेस सेवाओं के शुरू होने से देश की रेल व्यवस्था को नई गति मिलने और यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।





