राष्ट्रीय राजमार्ग पर सड़क हादसा, झाबुआ में तेंदुए की मौत से दहशत

झाबुआ जिले में अहमदाबाद राष्ट्रीय राजमार्ग पर शनिवार सुबह एक तेंदुए की सड़क हादसे में मौत हो गई। कालीदेवी के पास भूराडाबरा क्षेत्र में सड़क किनारे तेंदुए का शव मिलने से आसपास के गांवों में हड़कंप मच गया। आशंका जताई जा रही है कि तेंदुआ सड़क पार करते समय किसी अज्ञात वाहन की चपेट में आ गया।
घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए। सूचना पर वन विभाग की टीम भी पहुंची और शव को अपने कब्जे में लिया। प्रारंभिक तौर पर मामला वाहन की टक्कर से मौत का बताया जा रहा है।
वन विभाग के अधिकारियों ने तेंदुए के शव को पोस्टमार्टम के लिए झाबुआ भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों की पुष्टि हो सकेगी। घटना के बाद से इलाके में दहशत का माहौल है और वन विभाग ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है।





