लॉरेंस बिश्नोई गैंग की बी प्राक को धमकी, 10 करोड़ की रंगदारी मांगी

कुख्यात लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने मशहूर पंजाबी सिंगर बी प्राक को 10 करोड़ रुपये की जबरन उगाही की धमकी दी है। यह धमकी सीधे बी प्राक को नहीं, बल्कि पंजाबी सिंगर दिलनूर के जरिए दी गई है। गैंग ने साफ कहा है कि अगर एक हफ्ते के भीतर पैसे नहीं दिए गए तो गंभीर अंजाम भुगतने होंगे।
जानकारी के मुताबिक, 5 जनवरी को दिलनूर के पास विदेश के नंबर से दो बार कॉल आया, लेकिन उन्होंने कॉल नहीं उठाया। 6 जनवरी को फिर कॉल आया, जिसे दिलनूर ने उठाया, लेकिन बातचीत संदिग्ध लगने पर कॉल काट दी। इसके बाद दिलनूर को एक वॉयस मैसेज भेजा गया, जिसमें धमकी दी गई।
धमकी देने वाले ने खुद को आरजू बिश्नोई बताया, जो लॉरेंस बिश्नोई के लिए काम करने का दावा करता है और विदेश में छिपा हुआ है। ऑडियो मैसेज में कहा गया कि बी प्राक से 10 करोड़ रुपये चाहिए और उनके पास सिर्फ एक हफ्ते का समय है। साथ ही यह भी चेतावनी दी गई कि इसे फर्जी कॉल न समझा जाए, वरना जान-माल का नुकसान हो सकता है।
इस धमकी के बाद दिलनूर ने 6 जनवरी को ही मोहाली के एसएसपी को लिखित शिकायत दी। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।
गौरतलब है कि इससे पहले भी लॉरेंस बिश्नोई गैंग कई सिंगर्स, एक्टर्स और कारोबारियों को धमकी दे चुका है। नए साल की शुरुआत में दिल्ली के रोहिणी इलाके में एक व्यापारी के घर के बाहर करीब 25 राउंड फायरिंग की गई थी। इसके बाद पश्चिम विहार और पूर्वी दिल्ली में भी इसी तरह की वारदातें सामने आईं। पुलिस ने इनमें से कुछ मामलों में बदमाशों को एनकाउंटर के बाद गिरफ्तार किया है।
अब बी प्राक को मिली धमकी के बाद एक बार फिर लॉरेंस बिश्नोई गैंग की गतिविधियों को लेकर सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हो गई हैं।





