लिंगियाडीह में निगम की कार्रवाई पर बढ़ा आक्रोश, जन चेतना भारत पार्टी ने सौंपा ज्ञापन

बिलासपुर।बिलासपुर के लिंगियाडीह इलाके में नगर निगम की बार-बार की जा रही सर्वे और तोड़फोड़ की कार्रवाई से लोगों में भारी नाराजगी है। वसंत विहार के सामने रहने वाले सैकड़ों परिवार अब सड़क पर उतरने को तैयार हैं। इस मामले में जन चेतना भारत पार्टी ने निगम प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा है।
पार्टी नेताओं का कहना है कि पिछले चार महीनों में अलग-अलग योजनाओं के नाम पर लोगों को डराया जा रहा है। कभी सड़क चौड़ीकरण, कभी नाले पर सड़क निर्माण और अब कॉम्प्लेक्स व गार्डन बनाने की बात कहकर लगातार सर्वे और मकान तोड़ने की चेतावनी दी जा रही है। इससे पूरे इलाके में डर और असमंजस का माहौल बना हुआ है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि वे पिछले करीब 50 वर्षों से यहां रह रहे हैं, इसके बावजूद बार-बार गरीब परिवारों को ही निशाना बनाया जा रहा है। करीब 10 महीने पहले 150 से ज्यादा मकान और दुकानें तोड़ दी गईं, लेकिन आज तक न तो कोई निर्माण शुरू हुआ और न ही उजड़े परिवारों का पुनर्वास किया गया।
जन चेतना भारत पार्टी ने मांग की है कि लोगों को वहीं रहने दिया जाए, मास्टर प्लान के तहत स्थायी पट्टा दिया जाए और प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ मिले। साथ ही रोज़ सब्जी बेचकर जीवन यापन करने वालों को परेशान न करने की भी मांग की गई है।
पार्टी ने साफ चेतावनी दी है कि यदि लोगों को न्याय नहीं मिला तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।





