RailOne ऐप से टिकट बुकिंग पर छूट और कैशबैक, जानिए पूरा तरीका और शर्तें

दिल्ली। भारतीय रेलवे ने यात्रियों को डिजिटल प्लेटफॉर्म से जोड़ने और कैशलेस ट्रैवल को बढ़ावा देने के लिए RailOne ऐप पर खास ऑफर शुरू किया है। पिछले साल 1 जुलाई को लॉन्च हुए इस यूनिफाइड ऐप के जरिए अब ट्रेन टिकट बुक करने पर डिस्काउंट और कैशबैक दोनों का फायदा मिल रहा है। हालांकि यह ऑफर सीमित समय के लिए है और इसका लाभ लेने के लिए तय प्रक्रिया का पालन करना जरूरी है।
RailOne ऐप को रेलवे की सभी सेवाओं को एक ही डिजिटल प्लेटफॉर्म पर लाने के उद्देश्य से डिजाइन किया गया है। इस ऐप के जरिए यात्री अनारक्षित टिकट बुकिंग, ट्रेन की रियल-टाइम स्थिति, खाने का ऑर्डर, शिकायत दर्ज करने और कस्टमर सपोर्ट जैसी सुविधाओं का लाभ ले सकते हैं। अब इसी ऐप से टिकट बुकिंग पर रेलवे ने 3 प्रतिशत तक का डिस्काउंट देने का ऐलान किया है।
क्या है टिकट बुक करने की प्रक्रिया?
सबसे पहले RailOne ऐप डाउनलोड करें और साइन इन या नया अकाउंट बनाएं। OTP के जरिए अकाउंट वेरिफिकेशन के बाद नाम और मोबाइल नंबर जैसी बेसिक प्रोफाइल डिटेल्स भरनी होंगी। इसके बाद अनारक्षित टिकट बुकिंग का विकल्प चुनें, यात्रा की तारीख, सोर्स और डेस्टिनेशन स्टेशन डालें। चेकआउट के दौरान UPI, डेबिट कार्ड, क्रेडिट कार्ड या नेट बैंकिंग जैसे डिजिटल पेमेंट विकल्प चुनें। ध्यान रहे कि 3 प्रतिशत की छूट सिर्फ डिजिटल पेमेंट पर ही मिलेगी। किराया कन्फर्म करने से पहले ही डिस्काउंट अपने आप लागू हो जाएगा।
कब तक मिलेगा ऑफर?
यह छूट 14 जनवरी से 14 जुलाई 2026 तक लागू है और सिर्फ RailOne ऐप से सीधे बुक किए गए अनारक्षित टिकटों पर ही मिलेगी। इसके अलावा अगर यात्री BHIM UPI से भुगतान करते हैं तो उन्हें 20 रुपये तक का कैशबैक भी मिलेगा।
रेलवे का मानना है कि इस पहल से रोजाना यात्रा करने वाले यात्रियों का खर्च कम होगा और डिजिटल टिकटिंग को बढ़ावा मिलेगा।





