अमेरिका से तनाव के बीच ईरान ने बंद किया एयरस्पेस, एअर इंडिया और इंडिगो ने जारी की ट्रैवल एडवाइजरी

दिल्ली। अमेरिका के साथ बढ़ते तनाव के बीच ईरान ने अपने हवाई क्षेत्र को पूरी तरह बंद कर दिया है। ईरान में बिगड़ते हालात का सीधा असर अंतरराष्ट्रीय हवाई उड़ानों पर देखने को मिल रहा है। सुरक्षा कारणों से ईरान ने सभी देशों के विमानों के लिए एयरस्पेस बंद करने का फैसला लिया है। इसके चलते एअर इंडिया, इंडिगो सहित कई प्रमुख एयरलाइंस ने यात्रियों के लिए ट्रैवल एडवाइजरी जारी की है।
एयरलाइंस की ओर से बताया गया है कि ईरानी एयरस्पेस बंद होने के कारण उस रूट से गुजरने वाली अधिकांश उड़ानों को वैकल्पिक मार्गों से संचालित किया जा रहा है। इससे उड़ानों की अवधि बढ़ गई है और कई फ्लाइट्स अपने तय समय से देरी से पहुंच रही हैं। वहीं, कुछ ऐसे रूट हैं जिनका विकल्प संभव नहीं हो सका, ऐसे में कई उड़ानों को रद भी करना पड़ा है।
एयर इंडिया ने अपनी एडवाइजरी में कहा है कि यात्रियों की सुरक्षा उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। ईरान में मौजूदा हालात को देखते हुए सभी प्रभावित उड़ानों को दूसरे सुरक्षित रूट से संचालित किया जा रहा है, लेकिन इससे देरी की संभावना बनी रहेगी। एयर इंडिया ने यात्रियों से अपील की है कि वे एयरपोर्ट पहुंचने से पहले अपनी फ्लाइट की स्थिति आधिकारिक वेबसाइट या कस्टमर केयर के माध्यम से जरूर जांच लें।
इंडिगो ने भी ट्रैवल एडवाइजरी जारी कर कहा है कि ईरान का हवाई क्षेत्र बंद होना एयरलाइंस के नियंत्रण से बाहर की स्थिति है। इस कारण कुछ अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के संचालन पर असर पड़ सकता है। यात्रियों को होने वाली असुविधा के लिए इंडिगो ने खेद जताया है।
गौरतलब है कि ईरान में हालात लगातार गंभीर बने हुए हैं। हिंसक घटनाओं और आगजनी की खबरें सामने आ रही हैं। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए ईरानी सरकार ने सख्ती बढ़ा दी है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार अब तक हजारों लोगों की जान जा चुकी है और हालात अभी सामान्य होने के आसार नहीं दिख रहे हैं। इसी वजह से हवाई सुरक्षा को लेकर यह बड़ा फैसला लिया गया है।





