स्वामी विवेकानंद जयंती पर रायपुर में निकली ‘स्वदेशी संकल्प दौड़’, युवाओं में दिखा जोश और राष्ट्रप्रेम

रायपुर। स्वामी विवेकानंद जी की 163वीं जयंती और राष्ट्रीय युवा दिवस के मौके पर रायपुर में युवाओं का जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। इस अवसर पर सुभाष स्टेडियम से स्वामी विवेकानंद सरोवर तक “स्वदेशी संकल्प दौड़” का आयोजन किया गया। दौड़ का उद्देश्य युवाओं में राष्ट्रप्रेम, स्वदेशी भावना और सकारात्मक सोच को मजबूत करना रहा।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उच्च शिक्षा एवं राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि स्वामी विवेकानंद जी ने युवाओं को आत्मविश्वास, चरित्र निर्माण और राष्ट्रसेवा का रास्ता दिखाया। उन्होंने कहा कि शिक्षा के साथ संस्कार भी जरूरी हैं, क्योंकि शिक्षा केवल पढ़ाई नहीं बल्कि व्यक्तित्व और चरित्र को गढ़ने का माध्यम है।
मंत्री वर्मा ने कहा कि किसी भी देश की तरक्की उसकी युवा शक्ति पर निर्भर करती है। भारत आज आज़ादी के अमृतकाल में है और बड़ी युवा आबादी देश को विश्व मंच पर मजबूत बनाने का अवसर दे रही है। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाला दशक युवाओं की मेहनत, ऊर्जा और नए विचारों से भारत को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएगा।
उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के संकल्प का उल्लेख करते हुए कहा कि इस लक्ष्य को हासिल करने में युवाओं की भूमिका सबसे अहम होगी। साथ ही मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा युवाओं के विकास के लिए किए जा रहे प्रयासों की भी सराहना की।
इस मौके पर मंत्री टंकराम वर्मा ने हरी झंडी दिखाकर स्वदेशी संकल्प दौड़ को रवाना किया और युवाओं को स्वदेशी अपनाने व राष्ट्रहित में काम करने का संकल्प दिलाया।





