मुलाकात के बहाने बुलाकर युवती से सामूहिक दुष्कर्म, प्रेमी ने दोस्तों संग दिया वारदात को अंजाम

कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में एक 18 वर्षीय युवती के साथ सामूहिक दुष्कर्म का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोप है कि युवती के प्रेमी ने मिलने के लिए बुलाकर पहले खुद दुष्कर्म किया और फिर अपने चार दोस्तों से भी वारदात कराई। घटना बांकीमोंगरा थाना क्षेत्र की है।

पीड़िता के अनुसार, आरोपी प्रेमी तरुण श्रीवास ने फोन कर मिलने बुलाया और अपनी गाड़ी में बैठाकर गजरा कॉलोनी ले गया। वहां उसने शराब पी और युवती की मर्जी के खिलाफ दुष्कर्म किया। विरोध करने पर भी उसने जबरदस्ती की। इसके बाद कुछ ही देर में उसके चार दोस्त मौके पर पहुंचे और बारी-बारी से युवती के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया।

युवती ने बताया कि आरोपियों में डायल 112 का एक ड्राइवर भी शामिल है, जबकि दो अन्य युवक चेहरे ढके हुए थे। वारदात के बाद सभी आरोपियों ने युवती को धमकाया कि यदि उसने किसी को घटना की जानकारी दी तो उसे जान से मार दिया जाएगा।

किसी तरह हिम्मत जुटाकर पीड़िता वहां से निकली और पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई, जिसके बाद प्रकरण बांकीमोंगरा थाना पुलिस को सौंपा गया।

पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी प्रेमी और उसके एक साथी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि तीन अन्य आरोपी फरार हैं। उनकी तलाश के लिए दबिश दी जा रही है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराया गया है और आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button