भारतीय रेलवे ने दिया नए साल का तोहफा, 122 नई ट्रेनें शुरू; सैकड़ों ट्रेनों की बढ़ाई स्पीड

दिल्ली। भारतीय रेलवे ने नए साल 2026 की शुरुआत यात्रियों के लिए बड़ी सौगात के साथ की है। रेलवे बोर्ड ने वर्ष 2026 का नया टाइम टेबल जारी करते हुए देशभर में 122 नई ट्रेनों के संचालन और 569 ट्रेनों की गति बढ़ाने की घोषणा की है। इस फैसले से न सिर्फ रेल नेटवर्क का विस्तार होगा, बल्कि यात्रियों का सफर भी पहले से तेज, आरामदायक और सुविधाजनक बनेगा।

रेलवे के अनुसार इस वर्ष 28 नई वंदे भारत ट्रेनों की शुरुआत की जा रही है, जो सेमी-हाई-स्पीड कनेक्टिविटी को और मजबूती देंगी। इसके अलावा यात्रियों को किफायती और आरामदेह सफर उपलब्ध कराने के लिए 26 अमृत भारत ट्रेनों को भी पटरी पर उतारा जाएगा। साथ ही 60 नई मेल और एक्सप्रेस ट्रेनें शुरू की जा रही हैं, जिनमें 2 राजधानी, 2 जनशताब्दी, 2 हमसफर और 2 नमो भारत रैपिड रेल शामिल हैं।

रेलवे ने बताया कि ट्रेनों की स्पीड बढ़ाने पर भी विशेष फोकस किया गया है। कुल 569 ट्रेनों की गति पहले की तुलना में बढ़ा दी गई है, जिससे यात्रा समय में उल्लेखनीय कमी आएगी और समय की बचत होगी।

जोनवार बदलावों की बात करें तो पूर्व मध्य रेलवे में सबसे अधिक 20 नई ट्रेनें चलाई जा रही हैं, साथ ही 20 ट्रेनों का विस्तार भी किया गया है। उत्तर रेलवे को 20 नई ट्रेनों की सौगात दी गई है, जिससे उत्तर भारत की कनेक्टिविटी को मजबूती मिलेगी।

दक्षिण पश्चिम रेलवे में सबसे ज्यादा 117 ट्रेनों की स्पीड बढ़ाई गई है, जिनमें से 8 ट्रेनों को सुपरफास्ट का दर्जा दिया गया है। उत्तर पश्चिम रेलवे की 89 ट्रेनों की गति बढ़ाई गई है, जबकि उत्तर पूर्व सीमांत रेलवे में 10 नई ट्रेनें शुरू की गई हैं और 36 ट्रेनों की रफ्तार बढ़ाई गई है।

रेलवे अधिकारियों का कहना है कि इन फैसलों से यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी और देश की परिवहन व्यवस्था को नई गति मिलेगी।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button