मस्जिद की जिम्मेदारी को लेकर सहारनपुर में हिंसक टकराव, दो गुटों में पथराव और मारपीट

उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले में मस्जिद की जिम्मेदारी को लेकर उपजा विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। गांव दानियालपुर उर्फ नौजली में दो मुस्लिम गुट आमने-सामने आ गए और एक-दूसरे पर ईंट-पत्थर बरसाए गए। लाठी-डंडों और धारदार हथियारों से हुए हमले में महिलाओं समेत कई लोग घायल हो गए। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसके बाद इलाके में तनाव फैल गया।
जानकारी के अनुसार, मस्जिद के मोहतमिम को लेकर दोनों पक्षों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। दोनों ओर से एक-दूसरे पर दबाव बनाने और धमकी देने के आरोप लगाए जा रहे हैं। एक पक्ष का कहना है कि उनके घर में घुसकर हमला किया गया, दरवाजे तोड़े गए और जान से मारने की कोशिश की गई।
इकराम नामक व्यक्ति ने पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया कि गांव के कुछ लोग कई दिनों से मस्जिद की जिम्मेदारी को लेकर विवाद कर रहे थे। आरोप है कि 6 जनवरी की सुबह हथियारों से लैस लोग उसके घर में घुस आए, मारपीट की और छतों पर चढ़कर ईंट-पत्थर फेंके, जिससे उसे गंभीर चोटें आईं।
वहीं दूसरे पक्ष की ओर से दी गई शिकायत में कहा गया कि मस्जिद को लेकर जबरन दबाव बनाया जा रहा था और नमाज पढ़ने से रोकने की धमकी दी गई। आरोप है कि कहा गया था कि मस्जिद हमें सौंप दो, नहीं तो नमाज अदा नहीं करने दी जाएगी। इसके बाद गाली-गलौच हुई और झगड़ा बढ़ गया।
पथराव के दौरान घरों की छतों से ईंट-पत्थर फेंके गए, जिसमें एक महिला के सिर में गंभीर चोट आने की बात सामने आई है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को काबू में किया।
पुलिस ने दोनों पक्षों की तहरीर के आधार पर क्रॉस एफआईआर दर्ज कर ली है। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए गांव में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। अधिकारियों का कहना है कि मेडिकल रिपोर्ट, गवाहों के बयान और उपलब्ध सबूतों के आधार पर जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल गांव में तनावपूर्ण शांति बनी हुई है और पुलिस लगातार निगरानी कर रही है।





