बिलासपुर के विकास पर मुख्यमंत्री की बड़ी बैठक, सड़क–पेयजल–एयरपोर्ट से लेकर फ्लाईओवर तक कई अहम फैसले

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने आज मंत्रालय महानदी भवन में बिलासपुर नगर निगम और आसपास के क्षेत्रों के विकास को लेकर एक उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की। बैठक में शहर और बाहरी इलाकों में चल रहे और प्रस्तावित विकास कार्यों, मूलभूत सुविधाओं और बड़ी परियोजनाओं की प्रगति पर विस्तार से चर्चा हुई।

मुख्यमंत्री ने कहा कि न्यायधानी बिलासपुर प्रदेश का दूसरा सबसे बड़ा शहर है और तेजी से बढ़ते शहरीकरण को देखते हुए यहां योजनाबद्ध, संतुलित और समावेशी विकास जरूरी है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी विकास कार्य तय समय-सीमा में और अच्छी गुणवत्ता के साथ पूरे किए जाएं।

मुख्यमंत्री श्री साय ने स्वच्छ और नियमित पेयजल आपूर्ति को प्राथमिकता देते हुए इससे जुड़ी योजनाओं पर गंभीरता से काम करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बिलासपुर को उद्योग और पर्यटन के बड़े केंद्र के रूप में विकसित किया जाएगा। साथ ही उन्होंने बताया कि आने वाला बजट “विकसित छत्तीसगढ़” की दिशा में अहम साबित होगा।

बैठक में सड़क, पुल-पुलिया, पेयजल, ड्रेनेज, यातायात व्यवस्था, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, आवास, ई-बस सेवा, हवाई यातायात, ट्रांसपोर्ट नगर, उद्योग, व्यापार, पर्यटन और अरपा विशेष क्षेत्र विकास परियोजना से जुड़े मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक में सिम्स के नए अस्पताल भवन के लिए स्वीकृति प्रक्रिया तेज करने और सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल को पीपीपी मॉडल पर संचालित करने का फैसला लिया गया। बिलासपुर एयरपोर्ट के विस्तार के लिए डिफेंस विभाग को राशि हस्तांतरित किए जाने की जानकारी दी गई और नाइट लैंडिंग सुविधा जल्द शुरू करने के निर्देश दिए गए।

ट्रांसपोर्ट नगर सिलपहरी के विकास का काम सीएसआईडीसी द्वारा किए जाने और उसलापुर रेलवे ओवरब्रिज के लिए भूमि अधिग्रहण प्रक्रिया तेज करने पर सहमति बनी। इसे आगामी बजट में शामिल किया जाएगा।

शहर के यातायात दबाव को कम करने के लिए कई बड़े फ्लाईओवर और सड़क परियोजनाओं पर भी सहमति बनी। इनमें राजीव गांधी चौक से रतनपुर मार्ग तक 305 करोड़ रुपये की लागत से फ्लाईओवर, पुराना बस स्टैंड चौक क्षेत्र में 115 करोड़ रुपये का फ्लाईओवर और तारबहार फोरलेन रेलवे ओवरब्रिज के लिए डीपीआर तैयार करने के निर्देश शामिल हैं।

इसके अलावा 950 करोड़ रुपये की लागत से फोरलेन बिलासपुर रिंग रोड निर्माण, खारंग जलाशय से जल आपूर्ति योजना, अरपा नदी में एसटीपी और ड्रेनेज कार्य, जलभराव समस्या के समाधान के लिए विशेष बजट, कैंसर अस्पताल की योजना, कानन पेंडारी के सामने अंडरपास, नए सड़क निर्माण और 24×7 जल आपूर्ति योजना पर भी अहम फैसले लिए गए।

बैठक में केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू, उप मुख्यमंत्री अरुण साव, वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी, विधायक, महापौर और वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button
जम्मू-कश्मीर में बारिश से अपडेट सोनम ने ही राजा को दिया था खाई में धक्का… आरोपियों ने बताई सच्चाई
जम्मू-कश्मीर में बारिश से अपडेट सोनम ने ही राजा को दिया था खाई में धक्का… आरोपियों ने बताई सच्चाई