दो साल में समाज के कमजोर वर्गों को बड़ी राहत, 22 लाख से ज्यादा लोगों को पेंशन: लक्ष्मी राजवाड़े

रायपुर।समाज कल्याण मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने कहा है कि छत्तीसगढ़ सरकार ने पिछले दो वर्षों में समाज के वंचित और कमजोर वर्गों के लिए कई अहम और असरदार कदम उठाए हैं। उन्होंने यह बात आज रायपुर के संवाद ऑडिटोरियम में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान कही।
मंत्री राजवाड़े ने बताया कि समाज कल्याण विभाग की योजनाओं से दिव्यांगजन, वरिष्ठ नागरिक, विधवा व परित्यक्त महिलाएं और उभयलिंगी व्यक्ति लाभान्वित हो रहे हैं। सामाजिक सहायता कार्यक्रम के तहत राज्य में 22 लाख से अधिक हितग्राहियों को पेंशन दी जा रही है, जिसमें ज्यादातर भुगतान डीबीटी के माध्यम से सीधे खातों में किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि दिव्यांगजनों के लिए यूडीआईडी कार्ड, छात्रवृत्ति, कृत्रिम अंग व सहायक उपकरण, विवाह प्रोत्साहन योजना और विशेष शिक्षण संस्थानों के जरिए हजारों लोगों को मदद मिली है। वहीं मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के अंतर्गत अब तक लाखों वरिष्ठ नागरिकों, दिव्यांगों, विधवाओं और परित्यक्त महिलाओं को निःशुल्क तीर्थ यात्रा कराई जा चुकी है।
मंत्री ने बताया कि नशामुक्ति अभियान, उभयलिंगी व्यक्तियों के सशक्तिकरण, वृद्धाश्रमों का संचालन, मानसिक रूप से बीमार लोगों का पुनर्वास और ‘सियान हेल्पलाईन’ जैसी योजनाओं से समाज के कमजोर वर्गों को सीधा लाभ मिल रहा है।
प्रेस वार्ता के दौरान लक्ष्मी राजवाड़े ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार सामाजिक न्याय और समावेशी विकास के लक्ष्य के साथ काम कर रही है और समाज कल्याण विभाग की योजनाएं जमीन पर प्रभावी रूप से लागू की जा रही हैं।





