कांगेर घाटी में मिली अनोखी ‘ग्रीन केव’, छत्तीसगढ़ की प्राकृतिक धरोहर में नया अध्याय

छत्तीसगढ़ के कांगेर घाटी राष्ट्रीय उद्यान में एक नई और बेहद खास गुफा की खोज की गई है। इस गुफा को ‘ग्रीन केव’ नाम दिया गया है। यह गुफा अपनी दीवारों और छत पर मौजूद हरे रंग की प्राकृतिक परत के कारण अन्य गुफाओं से अलग और आकर्षक दिखाई देती है।
जानकारी के अनुसार यह गुफा कोटुमसर क्षेत्र के जंगल में स्थित है। गुफा के अंदर चूना पत्थर से बनी संरचनाओं पर विकसित हरी सूक्ष्मजीवी परत इसकी सबसे बड़ी खासियत है, जिससे पूरे अंदरूनी हिस्से में हरियाली जैसा दृश्य नजर आता है। गुफा में विशाल कक्ष, प्राकृतिक शिल्पकारी और स्टैलेक्टाइट-स्टैलेग्माइट जैसी संरचनाएं भी मौजूद हैं।
वन विभाग और विशेषज्ञों की टीम ने प्रारंभिक सर्वे के बाद इसे वैज्ञानिक और पर्यटन की दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण बताया है। राज्य सरकार इस गुफा को भविष्य में पर्यटन के लिए विकसित करने की योजना पर भी विचार कर रही है, ताकि सुरक्षा और पर्यावरण संतुलन बनाए रखते हुए पर्यटकों को यहां आने का अवसर मिल सके।
गौरतलब है कि कांगेर घाटी राष्ट्रीय उद्यान पहले से ही अपनी जैव विविधता और प्रसिद्ध गुफाओं के लिए जाना जाता है। ‘ग्रीन केव’ की खोज से न केवल पर्यटन को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है, बल्कि यह छत्तीसगढ़ की प्राकृतिक विरासत को भी एक नई पहचान देगी।





