छत्तीसगढ़ में 14 नक्सली ढेर, हिड़मा के करीबी देवा का सरेंडर, 20 माओवादियों ने डाले हथियार

सुकमा-बीजापुर|छत्तीसगढ़ में सुरक्षाबलों को नक्सल विरोधी अभियान में बड़ी सफलता मिली है। शनिवार सुबह दो अलग-अलग मुठभेड़ों में जवानों ने 14 नक्सलियों को मार गिराया। सुकमा जिले के किस्टाराम इलाके में 12 और बीजापुर जिले में 2 नक्सली ढेर किए गए। सभी नक्सलियों के शव और हथियार बरामद कर लिए गए हैं।
मारे गए नक्सलियों में कोंटा एरिया कमेटी प्रभारी वेट्टी मंगडू उर्फ मुक्का और एरिया कमेटी सचिव माड़वी हितेश उर्फ हुंगा जैसे कुख्यात माओवादी शामिल हैं। सुकमा में नक्सलियों की मौजूदगी की सूचना पर डीआरजी की टीम ऑपरेशन पर निकली थी। सुबह करीब 8 बजे नक्सलियों ने फायरिंग शुरू की, जिसके जवाब में जवानों ने 12 नक्सलियों को मार गिराया। इलाके में सर्च ऑपरेशन जारी है।
उधर, बीजापुर जिले में भी डीआरजी की टीम नक्सल विरोधी अभियान पर निकली थी। तड़के करीब 5 बजे से रुक-रुककर मुठभेड़ चली, जिसमें दो नक्सली मारे गए। इनमें एक 5 लाख और दूसरा 8 लाख रुपये का इनामी नक्सली बताया गया है। मुठभेड़ की पुष्टि एसपी जितेंद्र यादव ने की है।
इसी बीच नक्सल संगठन को बड़ा झटका देते हुए मोस्ट वांटेड नक्सली और स्पेशल जोनल कमेटी मेंबर देवा बारसे ने अपने 20 साथियों के साथ सरेंडर कर दिया है। हैदराबाद में पुलिस ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर इसकी जानकारी दी। सरेंडर करने वाले नक्सलियों के पास से बड़ी संख्या में हथियार और नकद राशि भी बरामद की गई है।
सुरक्षा एजेंसियों के अनुसार बस्तर क्षेत्र में अब 200 से 300 के करीब सशस्त्र नक्सली ही बचे हैं, जो अलग-अलग इलाकों में छोटे-छोटे समूहों में छिपे हुए हैं। आने वाले 90 दिनों में दक्षिण बस्तर डिवीजन को नक्सल मुक्त करना सुरक्षाबलों की सबसे बड़ी चुनौती माना जा रहा है।





