Salary Withheld: युक्ति-युक्तकरण की अनदेखी पड़ी भारी, 9 शिक्षकों का रोका वेतन…
शिक्षा विभाग का अल्टीमेटम, ज्वाइन नहीं किया तो निलंबन तय....

बिलासपुर जिले में युक्ति-युक्तकरण के बाद स्कूलों में ज्वाइन नहीं करने वाले शिक्षकों पर शिक्षा विभाग ने सख्त रुख अपनाया है। (Salary Withheld) जिला शिक्षा अधिकारी ने आदेश की अवहेलना करने वाले 9 शिक्षकों का वेतन तत्काल प्रभाव से रोक दिया है। इसके साथ ही इन शिक्षकों को नोटिस जारी कर अंतिम चेतावनी दी गई है। दरअसल, शासन के निर्देश पर जिले में युक्ति-युक्तकरण की प्रक्रिया लागू की गई थी, ताकि स्कूलों में शिक्षकों की कमी को पूरा किया जा सके और छात्र-शिक्षक अनुपात को संतुलित किया जा सके।
जीरो टॉलरेंस मोड में शिक्षा विभाग, 9 शिक्षकों पर कार्रवाई….
इसके तहत अतिशेष शिक्षकों का तबादला उन स्कूलों में किया गया, जहां शिक्षकों की सबसे ज्यादा जरूरत थी। लेकिन आदेश जारी होने के काफी समय बाद भी 9 शिक्षकों ने अपने नए पदस्थापना स्थल पर कार्यभार ग्रहण नहीं किया। इस लापरवाही को गंभीर मानते हुए जिला शिक्षा अधिकारी ने इन शिक्षकों का वेतन रोकने का आदेश जारी किया है। नोटिस में साफ कहा गया है कि यदि निर्धारित समय सीमा के भीतर ज्वाइनिंग नहीं की गई, तो निलंबन और विभागीय जांच जैसी कठोर कार्रवाई की जाएगी।
अनदेखी अब बर्दाश्त नहीं की जाएगी। (Salary Withheld)
शिक्षा विभाग का कहना है कि शिक्षकों की इस मनमानी से स्कूलों में पढ़ाई प्रभावित हो रही है। कलेक्टर के निर्देशों के बाद अब विभाग जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रहा है। इस कार्रवाई से पूरे शिक्षा विभाग में हड़कंप मचा हुआ है और साफ संदेश दिया गया है कि आदेशों की अनदेखी अब बर्दाश्त नहीं की जाएगी।





