Road Safety Month 2026: राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह 2026 का बिलासपुर में विधिवत शुभारंभ
प्रशासन–पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी रहे मौजूद.....

राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह 2026 का विधिवत शुभारंभ आज बिलासपुर में किया गया। (Road Safety Month 2026) चेतना हॉल में आयोजित इस कार्यक्रम में प्रशासन और पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी रही। सड़क दुर्घटनाओं को रोकने और यातायात नियमों के प्रति आमजन को जागरूक करने के उद्देश्य से पूरे माह विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इस मौके पर बिलासपुर जिले की बड़ी उपलब्धि भी सामने आई है, जहां सड़क दुर्घटनाओं में मृत्यु दर में प्रदेश में सबसे बड़ी कमी दर्ज की गई है….
सड़क दुर्घटना मृत्यु दर में सबसे बड़ी कमी वाला जिला बना बिलासपुर,
राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह 2026 का शुभारंभ 1 जनवरी को बिलासपुर के चेतना हॉल में किया गया। दीप प्रज्ज्वलन के साथ कार्यक्रम की शुरुआत हुई। इस अवसर पर संभागायुक्त सुनील जैन, आईजी संजीव शुक्ला, कलेक्टर संजय अग्रवाल और एसएसपी रजनेश सिंह सहित प्रशासन व पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान एसएसपी रजनेश सिंह ने यातायात व्यवस्था पर प्रतिवेदन प्रस्तुत करते हुए बताया कि जिले में चिन्हित ब्लैक स्पॉट और खतरनाक सड़क खंडों पर किए गए सुधारात्मक कार्यों के चलते सड़क दुर्घटनाओं में उल्लेखनीय कमी आई है….
जागरूकता अभियानों का दिखा असर (Road Safety Month 2026)
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए आईजी संजीव शुक्ला ने कहा कि पुलिस, प्रशासन और आम नागरिकों के संयुक्त प्रयासों का सकारात्मक परिणाम सामने आया है, जिसके चलते बिलासपुर जिले में प्रदेश में सबसे अधिक सड़क दुर्घटना मृत्यु दर में कमी दर्ज की गई है। कार्यक्रम के दौरान यातायात जागरूकता के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वालों को सम्मानित किया गया। जीवधर्णी फाउंडेशन को जागरूकता अभियानों के लिए तथा यातायात आधारित लघु फिल्मों के निर्माण और अभिनय से जुड़े कलाकारों को विशेष सम्मान दिया गया।
साथ ही सड़क सुरक्षा संदेशों पर आधारित प्रदर्शनी, पोस्टर और फ्लैक्स भी लगाए गए। अंत में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यातायात रामगोपाल करियारे ने आभार व्यक्त करते हुए माहभर चलने वाले सड़क सुरक्षा कार्यक्रमों में जनभागीदारी की अपील की और 2 जनवरी 2026 को आयोजित विशाल हेलमेट जागरूकता बाइक रैली में अधिक से अधिक लोगों से शामिल होने का आग्रह किया …..





