बेल्लारी में बैनर विवाद से भड़की हिंसा, झड़प और फायरिंग में एक की मौत

कर्नाटक के बेल्लारी शहर में बैनर लगाने को लेकर कांग्रेस और भारतीय जनता पार्टी के समर्थकों के बीच हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। दोनों पक्षों के बीच झड़प, पथराव और फायरिंग की घटनाएं सामने आईं, जिसमें एक कांग्रेस कार्यकर्ता की मौत हो गई। घटना के बाद शहर में तनाव फैल गया, हालांकि पुलिस ने हालात को नियंत्रण में होने का दावा किया है।
जानकारी के अनुसार, एक विधायक के आवास के बाहर लगाए गए पोस्टर को लेकर आपत्ति जताई गई, जिसके बाद समर्थकों के बीच कहासुनी शुरू हुई। विवाद बढ़ने पर दोनों ओर से पत्थरबाजी होने लगी और मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थिति बिगड़ते देख पुलिस और कुछ राजनीतिक नेता भी वहां पहुंचे, लेकिन इसी दौरान हालात और तनावपूर्ण हो गए।
बताया जा रहा है कि झड़प के बीच निजी सुरक्षा कर्मियों ने फायरिंग शुरू कर दी। हालात काबू में करने के लिए पुलिस ने भी हवा में गोलियां चलाईं। इसी दौरान कांग्रेस कार्यकर्ता राजशेखर की मौत हो गई, हालांकि यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि उन्हें गोली किस ओर से लगी।
पुलिस के मुताबिक, हिंसा के दौरान भीड़ ने विरोधियों के साथ-साथ पुलिस बल पर भी पत्थर फेंके। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए लाठीचार्ज किया गया और आंसू गैस के गोले छोड़े गए। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में एक निजी सुरक्षा कर्मी को हवा में फायरिंग करते हुए देखा गया, जिससे इलाके में दहशत फैल गई।
घटना के बाद भाजपा विधायक जनार्धन रेड्डी ने आरोप लगाया कि बैनर विवाद की आड़ में उनकी हत्या की साजिश रची गई थी। उन्होंने कुछ नेताओं और उनके सहयोगियों पर निजी बंदूकधारियों के जरिए फायरिंग कराने का आरोप लगाया। उनका कहना है कि उन पर कई राउंड गोलियां चलाई गईं।
पुलिस ने बताया कि पूरे मामले की जांच की जा रही है। फायरिंग, मौत और हिंसा के क्रम को लेकर साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। एहतियातन इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है ताकि स्थिति दोबारा न बिगड़े।





