छिंदवाड़ा के किशनपुर में बाघ का कहर, खेत में काम करने गए किसान की मौत से गांव में दहशत

छिंदवाड़ा जिले के किशनपुर क्षेत्र में बाघ के हमले से एक किसान की दर्दनाक मौत हो गई। इस घटना के बाद इलाके में भय का माहौल है और ग्रामीणों में दहशत व्याप्त है। मृतक की पहचान बलराम डेहरिया के रूप में हुई है, जो रोजाना की तरह अपने खेत पर मोटर चालू करने गए थे।
जानकारी के अनुसार, खेत में पहले से घात लगाए बैठे बाघ ने अचानक किसान पर हमला कर दिया। अचानक हुए हमले में किसान को बचने का मौका नहीं मिला और गंभीर चोटों के चलते मौके पर ही उनकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और वन विभाग व पुलिस को जानकारी दी गई।
घटना के बाद वन विभाग और पुलिस की टीम क्षेत्र में पहुंची और इलाके की घेराबंदी कर दी गई। ग्रामीणों को सतर्क रहने की अपील की जा रही है। वन विभाग की टीम बाघ की गतिविधियों पर लगातार नजर रखे हुए है, ताकि किसी अन्य व्यक्ति के साथ कोई अप्रिय घटना न हो।
वन अधिकारियों के अनुसार, यह इलाका बफर जोन में आता है, जहां मानव और वन्यजीव संघर्ष की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। मृतक किसान के परिजनों को नियमानुसार आर्थिक सहायता दिलाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। प्रशासन की ओर से ग्रामीणों से जंगल और खेतों में जाते समय विशेष सावधानी बरतने की अपील की गई है।





