NIT रायपुर के कर्मचारी ने 1200 किलोमीटर साइकिलिंग इवेंट में रचा नया इतिहास

रायपुर के एनआईटी में कार्यरत सुरेश दुआ ने 25 दिसंबर को आयोजित LRM 1200 साइकिलिंग इवेंट में इतिहास रच दिया। इस इवेंट में 1200 किलोमीटर की दूरी को 90 घंटे में पूरा करना होता है, लेकिन सुरेश दुआ ने इसे सिर्फ 78 घंटे 58 मिनट में पूरा कर लिया।
सुरेश दुआ ने पहले दिन रायपुर से देवरी (महाराष्ट्र) तक 350 किलोमीटर, दूसरे दिन रायपुर से सोहेला (उड़ीसा) तक 380 किलोमीटर, तीसरे दिन रायपुर से कांकेर तक 300 किलोमीटर और चौथे दिन रायपुर से गरियाबंद तक 170 किलोमीटर की दूरी साइकिल से तय की। इस इवेंट में वे अकेले प्रतिभागी थे।
साल 2025 में सुरेश दुआ ने पहले ही चार बार सुपर रैंडोन्यूर्स का खिताब अर्जित किया था, जिसमें एक खिताब उन्होंने सिर्फ छह दिन में हासिल किया था।
रैंडोन्यूर्स (Randonneurs) लंबी दूरी की साइकिलिंग करने वाले ऐसे साइकिलिस्ट होते हैं, जो निश्चित समय सीमा में 200, 300, 400 या 600 किलोमीटर की दूरी तय करते हैं। इसे केवल जीत के लिए नहीं, बल्कि शारीरिक और मानसिक सहनशक्ति बढ़ाने के लिए किया जाता है। इसके सफल प्रतिभागियों को आजीवन उपाधि भी मिलती है।
सुरेश दुआ ने जुलाई 2025 में लेह से उमलिंगला (दुनिया की सबसे ऊंची मोटरेबल पास) की यात्रा भी पूरी की थी। उन्होंने इस साल अब तक 16,728 किलोमीटर और कुल मिलाकर 85,241 किलोमीटर साइकिलिंग पूरी कर चुके हैं।





