जमीन विवाद में भड़की हिंसा, छतरपुर के गांव में फायरिंग से युवक की मौत

छतरपुर जिले के राजनगर थाना क्षेत्र में जमीन विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। ग्राम पंचायत कोटा में दो पक्षों के बीच हुए खूनी संघर्ष के दौरान ताबड़तोड़ फायरिंग हुई, जिसमें 28 वर्षीय युवक की गोली लगने से मौत हो गई। मृतक की पहचान संतोष पटेल के रूप में हुई है।
घटना के बाद घायल युवक को गंभीर हालत में जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत की खबर फैलते ही गांव में दहशत और तनाव का माहौल बन गया। परिजनों ने पुलिस पर समय पर मौके पर नहीं पहुंचने के आरोप लगाए, जिससे हालात और बिगड़ गए।
हादसे के बाद अस्पताल परिसर में भी तनाव की स्थिति देखने को मिली। परिजन शव को अस्पताल से बाहर ले जाने का प्रयास करने लगे, जिस पर पुलिस से उनकी झूमाझटकी हो गई। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर हस्तक्षेप किया और शव को सुरक्षित रूप से मरचुरी में रखवाया गया।
पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है। घटना से जुड़े सभी पहलुओं की बारीकी से पड़ताल की जा रही है। फिलहाल गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल तैनात किया गया है और स्थिति पर नजर रखी जा रही है।





