विदिशा में खड़े डंपर से टकराई कार, जन्मदिन पार्टी से लौट रहे तीन युवकों की मौत

विदिशा जिले के कुरवाई क्षेत्र में देर रात एक भीषण सड़क हादसे में तीन युवकों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा उस समय हुआ, जब सभी युवक अपने दोस्त की जन्मदिन पार्टी मनाकर घर लौट रहे थे।
जानकारी के अनुसार, रात करीब 1:30 बजे कुरवाई रोड पर मेहलुआ चौराहा के पास कृष्णा ढाबा के नजदीक एक तेज रफ्तार कार सड़क किनारे खड़े डंपर से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार का अगला हिस्सा डंपर के पिछले भाग में घुस गया। हादसे में कार सवार तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई।
मृतकों की पहचान जगदीश साहू (30), अंकित साहू (29) और तनमय शर्मा (करीब 20) के रूप में हुई है। वहीं, अंकित गोंड (23), मोंटी अहिरवार (22) और गौतम उर्फ तनमय श्रीवास्तव (20) गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद जिला चिकित्सालय रेफर किया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।
बताया गया है कि शनिवार को तनमय शर्मा का जन्मदिन था। सभी छह दोस्त ढाबे पर पार्टी करने के बाद कार से लौट रहे थे, तभी यह हादसा हो गया। दुर्घटना के बाद कार में फंसे शवों को बाहर निकालने में पुलिस और बचाव दल को काफी मशक्कत करनी पड़ी।
पुलिस ने डंपर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। शुरुआती जांच में लापरवाही को हादसे की वजह माना जा रहा है।





