आपत्तिजनक ऑडियो विवाद में सतना डिग्री कॉलेज के प्रभारी प्राचार्य हटाए गए, परिषद ने लिया सख्त फैसला

सतना के एक डिग्री कॉलेज के प्रभारी प्राचार्य से जुड़ा कथित आपत्तिजनक ऑडियो सामने आने के बाद शैक्षणिक परिषद ने बड़ा प्रशासनिक कदम उठाया है। ऑडियो वायरल होने के बाद मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित प्रभारी प्राचार्य को पद से हटा दिया गया है और उनसे सभी विभागीय दायित्व भी छीन लिए गए हैं।
जानकारी के अनुसार, वायरल ऑडियो में प्रयुक्त भाषा और संवाद को लेकर उनके आचरण, चरित्र और गरिमा पर सवाल खड़े हुए थे। इस पूरे मामले पर परिषद के छिंदवाड़ा में आयोजित अधिवेशन के दौरान विस्तार से चर्चा की गई। अधिवेशन में सर्वसम्मति से यह निर्णय लिया गया कि ऐसे विवाद के बाद संबंधित अधिकारी को किसी भी जिम्मेदार पद पर बनाए रखना संगठन की छवि के लिए उचित नहीं होगा।
हालांकि परिषद की ओर से ऑडियो की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है, लेकिन माना जा रहा है कि वायरल ऑडियो में सुनी जा रही आवाज प्रभारी प्राचार्य की ही है। इसी आधार पर परिषद नेतृत्व ने तत्काल प्रभाव से कार्रवाई करते हुए उनका कार्यभार समाप्त करने का निर्णय लिया।
छिंदवाड़ा में हुए अधिवेशन में केवल यह कार्रवाई ही नहीं हुई, बल्कि संगठनात्मक ढांचे में भी कई अहम बदलाव किए गए। इस दौरान मैहर को पहली बार जिला प्रमुख का दर्जा दिया गया, जिसे संगठन के विस्तार और मजबूती के रूप में देखा जा रहा है। परिषद पदाधिकारियों के अनुसार, लंबे समय से इस क्षेत्र को अलग पहचान देने की मांग की जा रही थी।
अधिवेशन में छाया को प्रमोशन देते हुए उन्हें अतिरिक्त जिम्मेदारियां सौंपी गईं, वहीं संगठन में सक्रिय भूमिका निभाने वाले शिवेन्द्र को भी महत्वपूर्ण दायित्व दिया गया है। परिषद नेतृत्व ने स्पष्ट किया है कि भविष्य में किसी भी पदाधिकारी या शिक्षक के आचरण पर सवाल उठने की स्थिति में बिना किसी दबाव के सख्त कार्रवाई की जाएगी।
इसके साथ ही परिषद की नई संचालन समिति की घोषणा भी की गई है। नई समिति में क्षेत्रीय संतुलन और कार्यक्षमता को प्राथमिकता दी गई है। रीवा विभाग से सुनील पांडेय को अहम जिम्मेदारी सौंपी गई है, जबकि सतना और सिवनी विभाग से भी नए चेहरों को संगठनात्मक दायित्व दिए गए हैं।





