भारत माला परियोजना घोटाला: रायपुर–महासमुंद में ईडी की एक साथ 9 ठिकानों पर छापेमारी

भारत माला परियोजना से जुड़े कथित घोटाले में प्रवर्तन निदेशालय ने छत्तीसगढ़ में बड़ी कार्रवाई की है। ईडी की टीमों ने रायपुर और महासमुंद जिले में एक साथ नौ ठिकानों पर दबिश देकर दस्तावेजों और डिजिटल साक्ष्यों की जांच की।

कार्रवाई का मुख्य केंद्र रायपुर के लॉ-विष्टा सोसाइटी स्थित हरमीत खनूजा का आवास रहा, जहां सुबह से ही ईडी की टीम जांच में जुटी रही। यहां परियोजना से जुड़े भूमि अधिग्रहण, मुआवजा वितरण और वित्तीय लेन-देन से संबंधित दस्तावेजों और डिजिटल डेटा को खंगाला गया।

सूत्रों के अनुसार, इस मामले में हरमीत खनूजा के अलावा उनके सहयोगियों, कुछ सरकारी अधिकारियों और भूमि मालिकों से जुड़े ठिकानों पर भी छापेमारी की गई है। जांच के दौरान बैंकिंग लेन-देन के रिकॉर्ड और मनी लॉन्ड्रिंग से जुड़े पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है।

जानकारी के मुताबिक, भारत माला परियोजना के तहत सड़क निर्माण के लिए अधिग्रहित जमीनों के मुआवजे में बड़े पैमाने पर गड़बड़ी और फर्जीवाड़े के आरोप सामने आए हैं। इन्हीं आरोपों की जांच के तहत ईडी ने यह कार्रवाई की है।

महासमुंद जिले में भी ईडी की टीमों ने सुबह करीब छह बजे मेघ बसंत इलाके में स्थित व्यवसायी जसबीर सिंह बग्गा के निवास पर छापेमारी की। दो गाड़ियों में पहुंची टीम ने घर के भीतर जांच शुरू की, जबकि बाहर सुरक्षा बल तैनात रहे। जांच के दौरान किसी को भी अंदर प्रवेश की अनुमति नहीं दी गई।

फिलहाल दोनों जिलों में ईडी की कार्रवाई जारी है। छापेमारी पूरी होने के बाद इस मामले में और अहम खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button
जम्मू-कश्मीर में बारिश से अपडेट सोनम ने ही राजा को दिया था खाई में धक्का… आरोपियों ने बताई सच्चाई
जम्मू-कश्मीर में बारिश से अपडेट सोनम ने ही राजा को दिया था खाई में धक्का… आरोपियों ने बताई सच्चाई