सरकारी विमान से रायपुर पहुंचे धीरेंद्र शास्त्री: TI ने जूते-टोपी उतारकर छुए पैर, वीडियो वायरल; सरकारी संसाधनों के उपयोग पर उठा सवाल

रायपुर में एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें माना थाना प्रभारी (TI) मनीष तिवारी बागेश्वर धाम के पंडित धीरेंद्र शास्त्री के पैर छूते नजर आ रहे हैं। वीडियो में देखा जा सकता है कि TI ने पहले अपने जूते उतारे, फिर टोपी उतारकर धीरेंद्र शास्त्री के चरण स्पर्श किए। इस घटना को लेकर पुलिस के आचरण और सरकारी संसाधनों के उपयोग पर बहस छिड़ गई है।
मध्यप्रदेश के छतरपुर स्थित बागेश्वर धाम के पंडित धीरेंद्र शास्त्री उर्फ बाबा बागेश्वर शासकीय विमान से रायपुर पहुंचे थे। उनके साथ तकनीकी शिक्षा मंत्री गुरु खुशवंत साहेब भी नजर आए। रायपुर से वे भिलाई के लिए रवाना हुए, जहां जयंती स्टेडियम में 25 दिसंबर से 29 दिसंबर तक हनुमंत कथा का आयोजन किया गया है।
सोशल मीडिया पर कुछ लोगों ने पुलिसकर्मी के व्यवहार को उचित बताते हुए इसे आस्था का विषय कहा, जबकि कई यूजर्स ने इसे पुलिस की गरिमा और सेवा नियमों के खिलाफ बताया। मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए रायपुर SSP डॉ. लाल उम्मेद सिंह ने कहा कि संबंधित पुलिसकर्मी पूरी वर्दी में नहीं था और उसने पैर छूने से पहले अपनी टोपी व जूते उतार दिए थे। प्रारंभिक जांच में नियमों के उल्लंघन के संकेत नहीं मिले हैं, इसलिए फिलहाल कोई कार्रवाई नहीं की गई है।
विवाद यहीं तक सीमित नहीं रहा। धीरेंद्र शास्त्री को सरकारी विमान की सुविधा दिए जाने पर भी सवाल उठे हैं। लोगों का कहना है कि वे किसी संवैधानिक पद पर नहीं हैं और निजी धार्मिक कार्यक्रम के लिए शासकीय विमान का उपयोग नियमों के विरुद्ध है। इस पर कांग्रेस ने सरकार पर जनता के पैसे के दुरुपयोग का आरोप लगाया है। प्रदेश कांग्रेस संचार विभाग के अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला ने इसे राज्य के खजाने पर बोझ बताते हुए कड़ी आलोचना की।
वहीं, भाजपा ने कांग्रेस के आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि विपक्ष हमेशा हिंदू धर्म प्रचारकों पर सवाल उठाता है। भाजपा नेताओं का कहना है कि कांग्रेस का रवैया धर्म और आस्था के प्रति असहिष्णुता को दर्शाता है।
इस पूरे मामले ने प्रशासनिक मर्यादा, आस्था और सरकारी संसाधनों के उपयोग को लेकर नई बहस को जन्म दे दिया है।





