बीएमसी चुनाव में उतरे फिल्मी सितारे, शिवसेना ने गोविंदा को बनाया स्टार प्रचारक

महाराष्ट्र में बृहन्मुंबई महानगरपालिका चुनाव को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। महायुति के घटक दल शिवसेना ने चुनाव प्रचार के लिए 40 स्टार प्रचारकों की सूची जारी की है। इस सूची में राज्यसभा सदस्य मिलिंद देवरा, पूर्व सांसद संजय निरुपम के साथ ही फिल्म अभिनेता गोविंदा का नाम भी शामिल किया गया है। हालांकि पार्टी ने अभी अपने उम्मीदवारों की औपचारिक घोषणा नहीं की है।

आगामी 15 जनवरी को प्रस्तावित नगर निगम चुनावों के मद्देनजर शिवसेना ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। भाजपा के साथ सीट बंटवारे को लेकर बातचीत जारी है, वहीं स्टार प्रचारकों की घोषणा से सियासी हलचल भी बढ़ गई है। वर्ष 2022 में शिवसेना के विभाजन के बाद यह पहला बड़ा नगर निगम चुनाव माना जा रहा है, जिसे एकनाथ शिंदे के लिए बेहद अहम माना जा रहा है।

स्टार प्रचारकों की सूची में उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और उनके बेटे तथा सांसद श्रीकांत शिंदे को भी शामिल किया गया है। इसके अलावा वरिष्ठ नेताओं में रामदास कदम, गजानन कीर्तिकर, आनंदराव अडसुल, केंद्रीय मंत्री प्रतापराव जाधव, नीलम गोरे और मीना कुंबले के नाम भी शामिल हैं।

शिवसेना के कई कैबिनेट और राज्य मंत्री भी चुनाव प्रचार में सक्रिय भूमिका निभाएंगे। इनमें गुलाबराव पाटिल, दादा भुसे, उदय सामंत, शंभुराज देसाई, संजय शिरसाट, प्रकाश आबितकर, प्रताप सरनाईक, आशीष जायसवाल और योगेश कदम शामिल हैं। इसके साथ ही विभिन्न सामाजिक और संगठनात्मक चेहरों को भी प्रचार अभियान में उतारा गया है।

पार्टी नेताओं के अनुसार, शिवसेना और भाजपा के बीच बीएमसी की 150 से अधिक सीटों पर सहमति बन चुकी है, जबकि कुछ सीटों पर बातचीत अभी जारी है। शिवसेना के लिए यह चुनाव इसलिए भी महत्वपूर्ण है क्योंकि विभाजन से पहले पार्टी ने बड़ी संख्या में नगर निकायों में जीत हासिल की थी। इस बार पार्टी नेतृत्व इस चुनाव को अपनी राजनीतिक मजबूती साबित करने के अवसर के रूप में देख रहा है।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button
जम्मू-कश्मीर में बारिश से अपडेट सोनम ने ही राजा को दिया था खाई में धक्का… आरोपियों ने बताई सच्चाई
जम्मू-कश्मीर में बारिश से अपडेट सोनम ने ही राजा को दिया था खाई में धक्का… आरोपियों ने बताई सच्चाई