शादी का प्रस्ताव ठुकराने पर किराएदार ने युवती की मां को जिंदा जलाया, हालत गंभीर

दिल्ली। बेंगलुरु के बासवेश्वरनगर इलाके में मंगलवार देर रात एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक किराएदार ने शादी का प्रस्ताव ठुकराए जाने से नाराज होकर 45 वर्षीय महिला को पेट्रोल डालकर आग के हवाले कर दिया। गंभीर रूप से झुलसी महिला को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।

पीड़िता की पहचान गीता के रूप में हुई है, जो इलाके में किराना दुकान चलाकर अपने परिवार का पालन-पोषण करती थीं। पुलिस के अनुसार आरोपी का नाम मुत्तू अभिमन्यु है, जो गीता के घर के एक हिस्से में किराए पर रहता था और वहीं चाय की दुकान चलाता था। उसने गीता की 19 वर्षीय बेटी से शादी का प्रस्ताव रखा था, जिसे लड़की ने साफ मना कर दिया था।

बताया जा रहा है कि इसके बाद अभिमन्यु लगातार गीता पर दबाव बना रहा था कि वह बेटी को शादी के लिए मनाए। लेकिन गीता ने भी उसका प्रस्ताव ठुकरा दिया। इसी बात से नाराज होकर मंगलवार रात करीब एक बजे आरोपी ने गीता से झगड़ा किया। बहस बढ़ने पर उसने पास रखी बोतल में भरा पेट्रोल गीता पर डाल दिया और आग लगा दी।

घटना के वक्त घर में मौजूद बेटी ने मां की चीखें सुनीं और बाहर दौड़कर आई, लेकिन तब तक आरोपी मौके से फरार हो चुका था। आसपास के लोगों ने तुरंत आग बुझाने की कोशिश की और गीता को विक्टोरिया अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उनकी हालत गंभीर बताई है।

पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि आरोपी अक्सर आपात स्थिति के लिए अपने पास पेट्रोल रखा करता था। गीता के पति की कुछ साल पहले मौत हो चुकी है और वह अकेले ही बेटी की परवरिश कर रही थीं।

यह घटना एक बार फिर महिलाओं की सुरक्षा और जबरन रिश्ते थोपने जैसी मानसिकता पर गंभीर सवाल खड़े करती है। पुलिस का कहना है कि आरोपी को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button
जम्मू-कश्मीर में बारिश से अपडेट सोनम ने ही राजा को दिया था खाई में धक्का… आरोपियों ने बताई सच्चाई
जम्मू-कश्मीर में बारिश से अपडेट सोनम ने ही राजा को दिया था खाई में धक्का… आरोपियों ने बताई सच्चाई