झीरम घाटी हमले पर जेपी नड्डा के बयान से सियासत गरम, कांग्रेस ने NIA जांच की मांग की
नड्डा ने कांग्रेस पर नक्सलियों से सांठगांठ का लगाया आरोप, कांग्रेस ने बयान को बताया आपत्तिजनक

जांजगीर-चांपा। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के एक बयान ने छत्तीसगढ़ की राजनीति में हलचल मचा दी है। नड्डा ने कांग्रेस पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि झीरम घाटी नक्सल हमले में कांग्रेस के ही कुछ लोगों ने अपने नेताओं की हत्या करवाई थी। उन्होंने यह बात जांजगीर-चांपा में आयोजित ‘जनदेश परब’ कार्यक्रम के दौरान कही।
जेपी नड्डा ने कहा कि जब वे छत्तीसगढ़ भाजपा के प्रभारी थे, तब झीरम घाटी नक्सल कांड हुआ था। उस घटना की जानकारी कांग्रेस के भीतर के लोगों को पहले से थी। उन्होंने आरोप लगाया कि नक्सल हमले में कांग्रेस के लोगों ने ही मुखबिरी की और अपने ही नेताओं को मरवाया। नड्डा ने यह भी कहा कि कांग्रेस की नक्सलियों से दोस्ती रही है।
नड्डा ने आगे कहा कि जब रक्षक ही भक्षक बन जाए तो ऐसी घटनाएं होती हैं। उन्होंने दावा किया कि डबल इंजन की सरकार ने नक्सलवाद के खिलाफ अभियान छेड़ा है और 26 मार्च तक नक्सलवाद को खत्म कर दिया जाएगा।
जेपी नड्डा के इस बयान पर कांग्रेस ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। कांग्रेस संचार विभाग के प्रमुख सुशील आनंद शुक्ला ने नड्डा के बयान को आपत्तिजनक बताया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस मांग करती है कि जेपी नड्डा से इस मामले में एनआईए द्वारा पूछताछ की जाए।
सुशील आनंद शुक्ला ने सवाल उठाया कि नड्डा के इस बयान का आधार क्या है। उन्होंने कहा कि भाजपा अध्यक्ष ने राजनीतिक मर्यादाओं की सभी सीमाएं पार कर दी हैं। कांग्रेस ने मांग की है कि जेपी नड्डा अपने बयान के लिए सार्वजनिक रूप से माफी मांगें और भाजपा को भी उनके खिलाफ कार्रवाई करनी चाहिए।





