हरदा में करणी सेना का आज जनक्रांति आंदोलन, खंडवा-बैतूल-नर्मदापुरम मार्गों पर यातायात डायवर्ट

21 सूत्रीय मांगों को लेकर करणी सेना परिवार का जनक्रांति आंदोलन आज हरदा के नेहरू स्टेडियम में आयोजित किया जा रहा है। आंदोलन को देखते हुए जिला प्रशासन और पुलिस ने कड़े सुरक्षा इंतजाम किए हैं। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए जिले में पांच स्तरीय सुरक्षा व्यवस्था लागू की गई है, जो आंदोलन स्थल से लेकर जिले के सभी प्रवेश और निकास मार्गों तक प्रभावी रहेगी।

आंदोलन के दौरान सुरक्षा व्यवस्था संभालने के लिए 10 जिलों का पुलिस बल तैनात किया गया है। इसमें विशेष सशस्त्र बल की एसएएफ की कई कंपनियां, क्यूआरएफ और एसटीएफ शामिल हैं। इसके अलावा लगभग 1500 पुलिस कर्मियों को रिजर्व में रखा गया है, ताकि जरूरत पड़ने पर तुरंत तैनाती की जा सके। आसपास के जिलों में भी अतिरिक्त रिजर्व बल को अलर्ट मोड पर रखा गया है।

शनिवार को पुलिस और प्रशासन ने शहर में फ्लैग मार्च निकालकर शांति और सुरक्षा का संदेश दिया। जिले की चारों सीमाओं पर बैरिकेडिंग की गई है और आंदोलन स्थल के आसपास के मार्गों पर यातायात प्रतिबंध लगाए गए हैं। खंडवा, बैतूल और नर्मदापुरम की ओर जाने वाले वाहनों को वैकल्पिक मार्गों से भेजा जा रहा है।

संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए हाईटेक सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं और ड्रोन कैमरों से लगातार निगरानी की जा रही है, ताकि किसी भी अवांछित गतिविधि पर तुरंत कार्रवाई की जा सके।

सामान्य नागरिकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए यातायात पुलिस ने रूट डायवर्जन लागू किया है। हरदा से छीपानेर की ओर जाने वाले वाहन अस्पताल तिराहा, नई सब्जी मंडी मार्ग, प्रताप टॉकीज मार्ग, बायपास चौराहा और छीपानेर चौक के वैकल्पिक मार्गों का उपयोग कर सकेंगे। खंडवा की ओर से इंदौर जाने वाले वाहन खेड़ीपुरा चौराहा, बायपास चौराहा, पुलिस लाइन और फोरलेन बायपास रोड से होकर जा सकेंगे।

प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे यातायात नियमों का पालन करें और निर्धारित डायवर्ट मार्गों का उपयोग करें, ताकि किसी प्रकार की असुविधा से बचा जा सके।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button