बीएमसी चुनाव की तैयारी तेज, भाजपा-शिवसेना ने 150 सीट जीतने का साझा लक्ष्य तय किया

मुंबई महानगरपालिका चुनाव को लेकर भाजपा और शिवसेना ने अपनी रणनीति को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है। दोनों दलों के नेताओं की बैठक में यह तय किया गया है कि आगामी बीएमसी चुनाव में गठबंधन 150 सीटें जीतने का लक्ष्य लेकर मैदान में उतरेगा। साथ ही यह भी साफ किया गया है कि मुंबई का अगला मेयर मराठी होगा।
मुंबई स्थित भाजपा कार्यालय में हुई बैठक में भाजपा की ओर से अमित साटम, आशीष शेलार और प्रवीण दरेकर शामिल हुए, जबकि शिवसेना की ओर से योगेश कदम, राहुल शिवाले और अन्य नेता मौजूद रहे। बैठक के बाद मंत्री आशीष शेलार ने कहा कि भाजपा और शिवसेना मिलकर चुनाव लड़ेंगी और बीएमसी में सत्ता हासिल करेंगी। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि अगर नवाब मलिक के नेतृत्व वाली एनसीपी चुनाव मैदान में उतरती है तो उसके साथ किसी तरह का गठबंधन नहीं किया जाएगा।
भाजपा के मुंबई अध्यक्ष अमित साटम ने कहा कि इस चुनाव में हिंदुत्व का मुद्दा प्रमुख रहेगा। उन्होंने दावा किया कि गठबंधन पूरी तैयारी के साथ चुनाव में उतरेगा और बीएमसी में भगवा फहराया जाएगा। उन्होंने बताया कि वार्ड स्तर पर उम्मीदवारों और रणनीति को लेकर आगे भी बैठकों का दौर जारी रहेगा।
शिवसेना नेता और पूर्व सांसद राहुल शिवाले ने भी 150 सीट जीतने का दावा दोहराया। उन्होंने कहा कि दोनों दल साथ मिलकर चुनाव लड़ेंगे और जीत हासिल करेंगे। उन्होंने भी एनसीपी के साथ गठबंधन की संभावना से इनकार किया।
वहीं, कुछ इलाकों में फ्रेंडली फाइट की संभावना भी जताई गई है। भाजपा नेता नरेंद्र मेहता ने बताया कि पुणे और पिंपरी चिंचवड़ में भाजपा और अजित पवार गुट की एनसीपी के बीच दोस्ताना मुकाबला हो सकता है। इसी तरह मुम्ब्रा-कलवा क्षेत्र में भी फ्रेंडली फाइट की चर्चा है।
मुंबई बीएमसी में कुल 227 सीटें हैं। पिछली बार भाजपा सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी थी, लेकिन इस बार दोनों दल अपनी ताकत के अनुसार सीटों पर चुनाव लड़ने की तैयारी में हैं। गठबंधन नेताओं का कहना है कि आने वाले चुनाव में रणनीति पूरी तरह स्पष्ट और आक्रामक होगी।





