विश्व रिकॉर्ड! भारत के ‘जन्नत’ में खुला दुनिया का सबसे ऊंचा रिवॉल्विंग रेस्तरां, जानिए क्यों है ये खास

दिल्ली। भारत का जन्नत कहे जाने वाले जम्मू-कश्मीर के मशहूर हिल स्टेशन गुलमर्ग ने एक और विश्व रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है। यहां अफरावत पर्वत पर करीब 14,000 फीट की ऊंचाई पर दुनिया का सबसे ऊंचा रिवॉल्विंग (घूमने वाला) रेस्तरां शुरू किया गया है। इस रेस्तरां से पर्यटक हिमालय की बर्फ से ढकी चोटियों का 360 डिग्री मनोरम नजारा एक ही जगह बैठे-बैठे देख सकते हैं। यह न सिर्फ इंजीनियरिंग और वास्तुकला का अद्भुत उदाहरण है, बल्कि भारत के पर्यटन क्षेत्र में बढ़ती वैश्विक पहचान का भी प्रतीक बन गया है।
गौरतलब है कि गुलमर्ग पहले से ही कई विश्व रिकॉर्ड अपने नाम कर चुका है। यहां एशिया का सबसे ऊंचा गोंडोला प्रोजेक्ट, दुनिया के सबसे ऊंचे स्की प्वाइंट्स में से एक और सबसे बड़ा इग्लू कैफे मौजूद है। अब इस रिवॉल्विंग रेस्तरां के जुड़ने से गुलमर्ग का नाम अंतरराष्ट्रीय पर्यटन मानचित्र पर और मजबूती से उभरा है।
रविवार को जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने इस रिवॉल्विंग रेस्तरां के साथ-साथ एक मल्टी-पर्पस हॉल और रिवॉल्विंग कॉन्फ्रेंस हॉल का भी उद्घाटन किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि इन परियोजनाओं का मकसद गुलमर्ग में पर्यटन सुविधाओं को आधुनिक बनाना, पर्यटकों की संख्या बढ़ाना और स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा करना है।
रेस्तरां में अत्याधुनिक तकनीक का इस्तेमाल किया गया है। इसका फर्श बेहद धीमी गति से घूमता है, जबकि चारों ओर लगे कांच के पैनल्स से पर्यटक बर्फीले पहाड़ों, घाटियों और खुले आसमान का पूरा दृश्य देख सकते हैं। ठंडे मौसम में गर्म कॉफी और पारंपरिक कश्मीरी व्यंजनों के साथ यह अनुभव पर्यटकों के लिए यादगार बनने वाला है। प्रशासन को उम्मीद है कि इस नई पहल से हालिया चुनौतियों के बाद एक बार फिर देश-विदेश के सैलानी बड़ी संख्या में कश्मीर का रुख करेंगे और गुलमर्ग पर्यटन की नई ऊंचाइयों को छुएगा।





