CG Weather Update: उत्तरी और मध्य छत्तीसगढ़ में दो दिन बाद बढ़ेगा पारा, ठंड से मिलेगी हल्की राहत

रायपुर। छत्तीसगढ़ में मौसम फिलहाल शुष्क बना हुआ है, लेकिन उत्तरी और मध्य छत्तीसगढ़ के कई इलाकों में शीतलहर का असर अब भी देखने को मिल रहा है। हालांकि, मौसम विभाग ने राहत भरी खबर दी है। विभाग के मुताबिक रविवार से प्रदेश के मौसम में बदलाव के संकेत हैं और अगले दो से तीन दिनों में न्यूनतम तापमान में क्रमिक बढ़ोतरी दर्ज की जा सकती है। इससे रात और सुबह की कड़ाके की ठंड से लोगों को कुछ राहत मिलने की उम्मीद है।

मौसम विभाग के अनुसार, मध्य और उत्तरी छत्तीसगढ़ में न्यूनतम तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी हो सकती है। 14 दिसंबर से प्रदेशभर में शीतलहर की स्थिति में भी धीरे-धीरे कमी आने की संभावना जताई गई है। राजधानी रायपुर में शुक्रवार को अधिकतम तापमान 29.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 0.4 डिग्री अधिक रहा, जबकि न्यूनतम तापमान 12.3 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 2.1 डिग्री कम है।

प्रदेश में रात के समय ठंड का असर साफ महसूस किया जा रहा है। मौसम विभाग के आंकड़ों के मुताबिक, सबसे अधिक अधिकतम तापमान 29.5 डिग्री सेल्सियस राजनांदगांव में रिकॉर्ड किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 5.3 डिग्री सेल्सियस अंबिकापुर में दर्ज हुआ। बिलासपुर, जशपुर, पेंड्रारोड और सरगुजा संभाग के ऊपरी इलाकों में सुबह और रात के समय सर्दी का असर ज्यादा बना हुआ है।

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, बंगाल की खाड़ी में सक्रिय एक मौसमी प्रणाली के कारण देश के दक्षिणी हिस्सों—तमिलनाडु, तटीय आंध्र प्रदेश, केरल और कर्नाटक—में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। इस सिस्टम के प्रभाव से छत्तीसगढ़ में भी ठंड का प्रकोप धीरे-धीरे कम हो सकता है।

राजधानी रायपुर में 13 दिसंबर को हल्के बादल छाए रहने की संभावना है। अधिकतम तापमान करीब 29 डिग्री और न्यूनतम तापमान 12 डिग्री के आसपास रहने का अनुमान है। हालांकि, अगले 24 घंटों में प्रदेश के कुछ जिलों में एक-दो स्थानों पर शीतलहर चल सकती है। मौसम विभाग ने लोगों से सुबह और देर शाम सर्द हवाओं से बचाव करने की अपील की है।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button
जम्मू-कश्मीर में बारिश से अपडेट सोनम ने ही राजा को दिया था खाई में धक्का… आरोपियों ने बताई सच्चाई
जम्मू-कश्मीर में बारिश से अपडेट सोनम ने ही राजा को दिया था खाई में धक्का… आरोपियों ने बताई सच्चाई