ई-पेंशन सिस्टम में लापरवाही से पेंशनर परेशान, बिलासपुर में बढ़ा आक्रोश,कलेक्टर से की त्वरित कार्रवाई की मांग

बिलासपुर। सरकार ने पेंशनरों की सुविधा के लिए ई-पेंशन कार्ड और ई-कोष लाइट ऐप को अनिवार्य किया है, ताकि पेंशन से जुड़ी सभी जानकारी मोबाइल पर एक क्लिक में मिल सके। लेकिन बिलासपुर के पेंशनरों को यह डिजिटल सुविधा अब तक ठीक से नहीं मिल पा रही है।
पेंशनरों का कहना है कि ई-कोष ऐप में कई सुविधाएँ काम नहीं कर रहीं, और ई-पेंशन कार्ड अभी तक बड़ी संख्या में अपलोड ही नहीं किए गए। जबकि नियम यह है कि पेंशन प्रकरण का निपटारा होते ही उसी दिन कार्ड ऐप पर उपलब्ध कराया जाए।
इसी परेशानी को लेकर आज पेंशनर्स संघ के सदस्य कलेक्टर कार्यालय पहुँचे और शिकायत दर्ज कराई। उनका आरोप है कि सरकार ने तो सुविधाएँ दे दीं, लेकिन प्रशासनिक लापरवाही के कारण ज़मीनी स्तर पर काम नहीं हो रहा।
पेंशनरों ने मांग की है कि सिस्टम को तुरंत सुचारू किया जाए, ताकि बिलासपुर के हजारों सेवानिवृत्त कर्मचारियों को डिजिटल सुविधा का लाभ मिल सके।
अब देखना होगा कि प्रशासन इन शिकायतों पर कितनी जल्दी कार्रवाई करता है और पेंशनरों की समस्या कब तक दूर होती है।





