लखनऊ में इंजीनियर की हत्या का खुलासा: लिव-इन पार्टनर और बेटियों ने मिलकर रचा खौफनाक प्लान

लखनऊ में इंजीनियर सूर्य प्रताप सिंह की हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। जांच में सामने आया है कि उनकी लिव-इन पार्टनर रत्ना और उसकी दोनों नाबालिग बेटियों ने मिलकर इस वारदात को अंजाम दिया। तीनों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जहां उन्होंने अपना जुर्म कबूल कर लिया।
जानकारी के अनुसार सूर्य प्रताप सिंह जानकीपुरम सेक्टर-जी में रत्ना और उसकी बेटियों के साथ रहते थे। 8 दिसंबर की सुबह तीनों ने मिलकर एक सोची-समझी साजिश के तहत इंजीनियर की हत्या कर दी। योजना के मुताबिक दोनों बेटियों ने सूर्य प्रताप के हाथ-पैर पकड़ लिए और रत्ना ने चाकू से उनका गला रेत दिया। वारदात के बाद रत्ना ने खुद पुलिस को फोन कर पूरे मामले की सूचना दी।
पूछताछ में रत्ना ने गंभीर आरोप लगाए हैं। उसके अनुसार सूर्य प्रताप दोनों बेटियों के साथ मारपीट करता था और घर में कैद करके रखता था। रत्ना का यह भी आरोप है कि वह बड़ी बेटी को गलत नजर से देखता था और उसे बैड टच भी करता था। विरोध करने पर वह तीनों को पीटता था।
पुलिस की पूछताछ में पता चला कि 7 दिसंबर की रात जब सूर्य प्रताप घर लौटा तो उसने रत्ना की बड़ी बेटी का फोन चेक किया। फोन में एक लड़के के साथ उसकी फोटो देखकर वह आग बबूला हो गया और रात 11 बजे तक उसकी पिटाई करता रहा। इसी बात से नाराज होकर मां-बेटियों ने रातभर प्लान बनाकर सूर्य प्रताप को रास्ते से हटाने का निर्णय लिया।
अगले दिन सुबह 5 बजे जब इंजीनियर सो रहा था, तभी तीनों उसके कमरे में घुसे और हत्या को अंजाम दे दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मां-बेटियों को हिरासत में लेकर आगे की जांच शुरू कर दी है।





