मनमाड़-इंदौर रेल परियोजना में 943 किसानों की जमीन अधिग्रहीत

मनमाड़-इंदौर रेल परियोजना के लिए भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया तेजी से आगे बढ़ रही है। इंदौर जिले के महू तहसील के 18 गांवों में कुल 943 किसानों की जमीन अधिग्रहीत की जा चुकी है। इस परियोजना से महाराष्ट्र से सीधे आंबेडकर नगर स्टेशन तक रेल संपर्क स्थापित होगा, जिससे क्षेत्रीय विकास और परिवहन को गति मिलने की उम्मीद है।
आंबेडकर नगर तहसील के खेड़ी इस्तमुरार गांव में भूमि अधिग्रहण की औपचारिक शुरुआत भी कर दी गई है। हालांकि, धार जिले में अधिग्रहण कार्य अभी अधूरा है, जिसके कारण परियोजना की प्रगति प्रभावित हो रही है।
संघर्ष समिति के प्रमुख मनोज मराठे ने बताया कि बड़वानी जिले के सेंधवा क्षेत्र में अधिग्रहण लगभग पूरा हो चुका है। संबंधित फाइल कसरावद प्रशासन को ड्राफ्ट तैयार करने के लिए भेजी गई है और अनुमोदन के बाद अंतिम अधिग्रहण सूची जारी कर दी जाएगी।
धार जिले में देरी पर मनोज मराठे ने रेलवे संघर्ष समिति के सदस्य और रेलवे बोर्ड के पूर्व सदस्य नागेश नामजोशी से चर्चा की। उन्होंने मांग की कि धार जिले में लंबित प्रक्रिया को शीघ्र पूरा करने के लिए विभागीय स्तर पर ठोस कदम उठाए जाएं। इस संबंध में वे कमिश्नर से समय लेकर धार जिला प्रशासन, रेलवे बोर्ड और पश्चिम रेलवे अधिकारियों के साथ संयुक्त बैठक आयोजित करने की योजना बना रहे हैं।
मराठे का कहना है कि समय पर कार्रवाई नहीं होने पर परियोजना की शुरुआत में विलंब हो सकता है। समिति का प्रयास है कि सभी जिलों में अधिग्रहण कार्य बिना बाधा के जल्द पूरा हो, ताकि मनमाड़-इंदौर रेल परियोजना समय पर धरातल पर उतर सके और जनहित को लाभ पहुंचा सके।





