धमतरी बना स्टार्टअप हब, युवाओं के लिए हुआ भव्य टेकस्टार्स स्टार्टअप वीकेंड आयोजन

रायपुर। छत्तीसगढ़ में स्टार्टअप और उद्यमिता को बढ़ावा देने की दिशा में धमतरी जिले ने बड़ी पहल की है। जिला प्रशासन की ओर से खेल एवं युवा कल्याण विभाग के सहयोग से 28 से 30 नवंबर 2025 तक तीन दिवसीय “टेकस्टार्स स्टार्टअप वीकेंड धमतरी” का आयोजन किया गया। यह आयोजन राज्य के किसी गैर-महानगरीय जिले में पहली बार हुआ, जिससे धमतरी को स्टार्टअप के नए केंद्र के रूप में पहचान मिली है।
इस कार्यक्रम में 100 से अधिक युवा शामिल हुए और करीब 50 स्टार्टअप टीमों ने हिस्सा लिया। युवाओं को 54 घंटे तक लगातार प्रशिक्षण दिया गया, जिसमें बिजनेस प्लान बनाना, प्रोडक्ट डेवलपमेंट, मार्केट की समझ और निवेशकों के सामने अपनी बात रखने की ट्रेनिंग दी गई।
कार्यक्रम के दौरान 20 से ज्यादा अनुभवी मेंटर्स और 10 से अधिक निवेशकों ने युवाओं का मार्गदर्शन किया। टेक्नोलॉजी, कृषि नवाचार, हेल्थकेयर, फूड प्रोसेसिंग, ई-कॉमर्स और पर्यटन जैसे क्षेत्रों के आइडियाज को विशेष महत्व दिया गया। कई नए और रचनात्मक आइडियाज को निवेशकों से अच्छी प्रतिक्रिया भी मिली।
जिला कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने कहा कि इसका मकसद धमतरी के युवाओं को बड़े शहरों जैसी स्टार्टअप सुविधाएं यहीं उपलब्ध कराना है। उन्होंने बताया कि यह आयोजन हर साल किया जाएगा, ताकि जिले में मजबूत स्टार्टअप माहौल तैयार हो सके।
कार्यक्रम के फैसिलिटेटर इस्माइल अकबानी ने इसे छत्तीसगढ़ का अब तक का सबसे व्यवस्थित और बड़ा स्टार्टअप वीकेंड बताया। वहीं, टेकस्टार्स के बारे में जानकारी देते हुए मेराज मीर ने कहा कि इससे स्थानीय युवाओं को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क से जुड़ने का मौका मिलेगा।
यह आयोजन धमतरी को स्टार्टअप और नवाचार के नए नक्शे पर स्थापित करने की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है।





