Vi ने बंद किया ‘गारंटी एक्स्ट्रा डेटा’ प्रोग्राम, यूजर्स को बड़ा झटका

Vodafone Idea ने अपने प्रीपेड ग्राहकों के लिए चल रहे Vi Guarantee Extra Data Program को बंद कर दिया है। मई 2024 में लिमिटेड पीरियड ऑफर के रूप में शुरू किए गए इस प्रोग्राम के तहत 5G और नए 4G स्मार्टफोन यूजर्स को हर 28 दिनों में 10GB हाई-स्पीड डेटा मुफ्त दिया जाता था। यह बेनिफिट कुल 13 बार मिलता था, यानी यूजर्स को पूरे साल में 130GB एक्स्ट्रा डेटा मिलता था। कंपनी ने अब यह सुविधा पूरी तरह बंद कर दी है।
इस ऑफर का फायदा उन ग्राहकों को मिलता था जो 239 रुपये या उससे अधिक कीमत वाले अनलिमिटेड डेली डेटा प्लान लेते थे। यह लाभ सिर्फ उन्हीं सब्सक्राइबर्स के लिए था जो 5G स्मार्टफोन इस्तेमाल कर रहे थे या हाल ही में नए 4G फोन में अपग्रेड हुए थे।
लॉन्च के दौरान कंपनी ने बताया था कि यह प्रोग्राम देशभर में लागू होगा, लेकिन आंध्र प्रदेश, कर्नाटक, असम, मध्य प्रदेश, नॉर्थ ईस्ट और ओडिशा के ग्राहकों को इसका फायदा नहीं मिलता था।
इसके अलावा, जुलाई 2025 में कंपनी ने 2G फोन इस्तेमाल करने वाले ग्राहकों के लिए भी Vi Guarantee Program शुरू किया था, जिसमें 199 रुपये या उससे अधिक के अनलिमिटेड वॉयस प्लान पर दो दिन की अतिरिक्त वैलिडिटी दी जाती थी। यह सुविधा भी अब ऐप और वेबसाइट से हटा दी गई है।





