थाईलैंड ने कंबोडिया पर दागे हवाई हमले, ट्रंप की कराई गई सीजफायर डील पर फिर संकट

थाईलैंड और कंबोडिया के बीच तनाव एक बार फिर बढ़ गया है। थाईलैंड ने कंबोडियाई सैन्य ठिकानों पर एयर स्ट्राइक की, जबकि दोनों देश एक-दूसरे पर युद्धविराम तोड़ने का आरोप लगा रहे हैं। यह वही युद्धविराम है, जिसे अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और मलेशियाई प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम की मध्यस्थता में 45 दिन पहले कराया गया था।
थाई सेना के अनुसार, सोमवार तड़के कंबोडिया की ओर से की गई गोलीबारी में एक थाई सैनिक की मौत हो गई और कई घायल हुए, जिसके बाद जवाबी कार्रवाई के तहत एयर स्ट्राइक की गई। बताया गया कि उबोन रत्चाथानी प्रांत के दो इलाकों में हिंसा फिर भड़क उठी।
कंबोडिया के रक्षा मंत्रालय ने भी हवाई हमलों की पुष्टि की है। उसके अनुसार, सुबह 5:04 बजे थाई सेना ने प्रेह विहियर प्रांत के अन सेस क्षेत्र में हमला किया। कंबोडिया ने किसी प्रकार की जवाबी कार्रवाई से इनकार करते हुए थाई हमले को ‘अमानवीय और बर्बर’ बताया और कहा कि यह 26 अक्टूबर के सीजफायर का उल्लंघन है।
दोनों देशों की ओर से लगातार आरोप लगाए जा रहे हैं। थाईलैंड का कहना है कि कंबोडिया ने सुबह 3 बजे सीमा को निशाना बनाना शुरू किया। वहीं कंबोडिया का दावा है कि पहले हमला थाई सेना ने किया।
जुलाई में दोनों देशों की झड़पों ने हिंसक रूप ले लिया था, जिसमें कम से कम 48 लोगों की मौत हुई थी और 3 लाख से अधिक लोग विस्थापित हुए थे। सीमा विवाद फ्रांसीसी उपनिवेशकाल में बनाए गए पुराने नक्शों और सीमावर्ती मंदिरों पर दावे को लेकर दशकों से जारी है।
ट्रंप और मलेशियाई प्रधानमंत्री की मध्यस्थता से अक्टूबर में शांति बहाल हुई थी, लेकिन ताज़ा घटनाओं ने फिर से क्षेत्र में अस्थिरता बढ़ा दी है।





