आश्रम–छात्रावासों की व्यवस्थाओं में सुधार के लिए कलेक्टर ने ली बैठक, बच्चों की सुरक्षा और सुविधा पर जोर

सारंगढ़–बिलाईगढ़। जिले के आश्रम और छात्रावासों की व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए कलेक्टर डॉ. संजय कन्नौजे ने कलेक्टर कार्यालय में जिला स्तरीय समीक्षा बैठक ली। इस बैठक में सभी अधीक्षक और अधीक्षिकाएं मौजूद रहीं।
बैठक में कलेक्टर ने बच्चों की संख्या, भोजन व्यवस्था, स्वास्थ्य जांच, सुरक्षा, भवन की स्थिति और अन्य सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने छिंद, भटगांव और उलखर छात्रावासों के अच्छे काम, पौष्टिक भोजन और किचन गार्डन की सराहना की।
कलेक्टर ने निर्देश दिए कि अधीक्षक बच्चों के साथ अभिभावक जैसा व्यवहार करें ताकि बच्चों को घर जैसा माहौल मिल सके। उन्होंने कहा कि बच्चों से नियमित बातचीत की जाए और उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना जाए।
भोजन में विविधता लाने, साफ-सफाई रखने, पीने के पानी, बिजली, शौचालय और फर्नीचर की समुचित व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए। सुरक्षा के लिए खिड़कियों में जाली लगाने, मच्छरदानी देने और नियमित स्वास्थ्य जांच कराने पर भी जोर दिया गया।
बालिका छात्रावासों में सेनेटरी पैड की अनिवार्य व्यवस्था, किशोरियों की हिमोग्लोबिन जांच और प्राथमिक उपचार बॉक्स रखने के निर्देश भी दिए गए।
कलेक्टर ने कहा कि सभी अधीक्षक छात्रावास में ही रहकर अपनी जिम्मेदारी निभाएं, लापरवाही पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। बैठक का उद्देश्य बच्चों को सुरक्षित, स्वच्छ और बेहतर माहौल देना है, ताकि वे अच्छी शिक्षा के साथ बेहतर भविष्य बना सकें।





