रायपुर कलेक्टर को मिला सम्मान, झंडा दिवस कोष में सबसे ज्यादा योगदान के लिए सम्मानित

रायपुर। राज्यपाल रमेन डेका ने सशस्त्र सेना झंडा दिवस कोष में इस साल सबसे अधिक 18 लाख रुपये जमा कराने के लिए रायपुर कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह को सम्मानित किया। यह सम्मान उन्हें बेहतर जनभागीदारी और सैनिकों के कल्याण के लिए किए गए प्रयासों के लिए दिया गया।
रायपुर जिले की इस उपलब्धि से यह साफ होता है कि आम लोगों ने बढ़-चढ़कर सैनिकों और उनके परिवारों की मदद के लिए सहयोग किया है। इससे भविष्य में भी सेना से जुड़े कल्याणकारी कार्यों को मजबूती मिलेगी।
हर साल 7 दिसंबर को सशस्त्र सेना झंडा दिवस मनाया जाता है। इस दिन का मकसद देश की रक्षा में लगे जवानों के प्रति आभार जताना और उनके लिए आर्थिक सहायता जुटाना है। आजादी के बाद से यह परंपरा चली आ रही है।
इस दिन एकत्र की गई राशि का उपयोग युद्ध में शहीद हुए जवानों के परिवारों की मदद, सेवा में तैनात सैनिकों और उनके परिवार के कल्याण और सेवानिवृत्त सैनिकों के सहयोग के लिए किया जाता है।
झंडा दिवस के मौके पर लोगों को तीन रंगों वाला झंडा दिया जाता है। इसमें लाल, गहरा नीला और हल्का नीला रंग होता है, जो थल, जल और वायु सेना का प्रतीक है।






