इंडिगो संकट खत्म होने की ओर, DGCA ने रोस्टर वाला आदेश वापस लिया; उड़ानों की स्थिति जल्द होगी सामान्य

नई दिल्ली: पिछले दो दिनों से चली आ रही इंडिगो की उड़ानों में अव्यवस्था अब खत्म होने की उम्मीद है। DGCA (नागरिक उड्डयन महानिदेशालय) ने क्रू रोस्टर से जुड़े उस आदेश को वापस ले लिया है, जिसके कारण बड़ी संख्या में उड़ानें रद्द और देरी से चल रही थीं। नागरिक उड्डयन मंत्री राम मोहन नायडू ने इंडिगो से जुड़े हालात की जानकारी गृह मंत्री अमित शाह को दी, जिसके बाद DGCA ने यह बड़ा फैसला लिया।

DGCA ने वह नियम वापस ले लिया है, जो क्रू मेंबर्स को साप्ताहिक आराम की जगह छुट्टी का उपयोग करने से रोकता था। यह आदेश अब तुरंत प्रभाव से लागू हो गया है। यह निर्णय DGCA-22011/04/2021-FSD दिनांक 20.01.2025 के निर्देश की समीक्षा के बाद लिया गया है, जिसमें स्पष्ट कहा गया था कि साप्ताहिक आराम के बदले छुट्टी नहीं दी जा सकती।

यह फैसला क्यों लिया गया?

DGCA को कई एयरलाइनों से इस नियम में बदलाव की मांग मिली थी। साथ ही इंडिगो समेत कई फ्लाइट्स लगातार तकनीकी खराबी, मौसम और क्रू की कमी की वजह से रद्द हो रही थीं। DGCA ने माना कि फ्लाइट संचालन की निरंतरता और स्थिरता बनाए रखना जरूरी है, इसलिए पुराने आदेश को वापस लेना बेहतर होगा।

इंडिगो ने क्या कहा?

इंडिगो का कहना है कि 1 नवंबर से लागू हुए नए फ्लाइट ड्यूटी टाइम लिमिटेशन (FDTL) नियमों के कारण क्रू की भारी कमी का सामना करना पड़ रहा है। नए नियमों में:

हफ्ते में आराम 36 घंटों से बढ़ाकर 48 घंटे कर दिया गया।

रात की ड्यूटी का समय और सख्त कर दिया गया।

रात के समय (12 बजे से सुबह 6 बजे) एक हफ्ते में केवल दो लैंडिंग की अनुमति दी गई, जबकि पहले छह थीं।

इंडिगो के अनुसार इन बदलावों ने उपलब्ध क्रू और पायलट्स की संख्या कम कर दी, जिससे उड़ानों में बाधा आई।

हालांकि, फेडरेशन ऑफ इंडियन पायलट्स का कहना है कि यही नियम अन्य एयरलाइनों पर कोई बड़ा प्रभाव नहीं डाल रहे, इसलिए समस्या सिर्फ नियमों की वजह से नहीं हो सकती।

फिलहाल DGCA द्वारा आदेश वापस लेने के बाद उम्मीद है कि इंडिगो की उड़ानें धीरे-धीरे सामान्य होंगी और यात्रियों को राहत मिलेगी।

IMG 6021

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button