सीएम ने मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी को दिए 475 करोड़ के विकास कार्य, आदिवासी समाज के लिए नई सौगात

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जिले के अंबागढ़ चौकी में आयोजित जनजाति गौरव दिवस एवं प्रतिभा सम्मान समारोह में विकास कार्यों का भूमि पूजन एवं लोकार्पण किया। इस अवसर पर उन्होंने 475 करोड़ रुपए से अधिक के विभिन्न परियोजनाओं की घोषणा की। मुख्यमंत्री ने अंबागढ़ चौकी को राजस्व अनुभाग बनाने और सर्व सुविधायुक्त ऑडिटोरियम निर्माण की भी घोषणा की। महतारी वंदन योजना के तहत लाभार्थी महिलाओं के खातों में 22वीं किस्त का वितरण भी किया गया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र और राज्य सरकार आदिवासियों के हितों और उनके सर्वांगीण विकास के लिए कृतसंकल्पित हैं। उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी और वर्तमान सरकार की जनजातीय कल्याण योजनाओं का उल्लेख करते हुए बताया कि प्रधानमंत्री जनमन और ग्राम उत्कर्ष योजना के अंतर्गत जनजातीय परिवारों को मुख्यधारा में शामिल करने के लिए सभी मूलभूत सुविधाएं प्रदान की जा रही हैं।

मुख्यमंत्री ने महतारी वंदन योजना, धान खरीदी योजना और तेंदूपत्ता संग्रहण में दिए जा रहे लाभों का जिक्र किया। उन्होंने माओवाद उन्मूलन के लिए राज्य और केंद्र सरकार की संयुक्त पहल की जानकारी देते हुए मार्च 2026 तक माओवाद को समाप्त करने का संकल्प साझा किया। साथ ही भगवान बिरसा मुंडा और आदिवासी समाज के महापुरुषों के योगदान को सराहा।

समारोह में विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के कारण छत्तीसगढ़ में आमूलचूल विकास देखने को मिल रहा है। उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा, सांसद संतोष पांडे, जिला पंचायत अध्यक्ष नम्रता सिंह और जनजाति समाज के प्रदेश अध्यक्ष एमडी ठाकुर ने भी अपने विचार साझा किए। कार्यक्रम में उत्कृष्ट कार्य करने वाले जनजातीय प्रतिभाओं और प्रधानमंत्री आवास योजना के लाभार्थियों को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, सामाजिक संगठन और स्थानीय लोग मौजूद थे, जिन्होंने कार्यक्रम को सफल और यादगार बनाया।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button
जम्मू-कश्मीर में बारिश से अपडेट सोनम ने ही राजा को दिया था खाई में धक्का… आरोपियों ने बताई सच्चाई
जम्मू-कश्मीर में बारिश से अपडेट सोनम ने ही राजा को दिया था खाई में धक्का… आरोपियों ने बताई सच्चाई