विश्वयुद्ध की आशंका बढ़ी, एलन मस्क बोले- अगले 5 से 10 साल में परमाणु युद्ध संभव

टेक दिग्गज और अमेरिकी उद्योगपति एलन मस्क ने दुनिया को लेकर बड़ा दावा किया है। एक पोस्ट में मस्क ने कहा कि दुनिया तीसरे विश्वयुद्ध की ओर बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि बड़े देशों के बीच तनाव लगातार बढ़ रहा है और ऐसे में युद्ध होना तय दिखाई देता है। मस्क का कहना है कि यह टकराव आने वाले 5 से 10 साल के भीतर हो सकता है। उन्होंने यहां तक कहा कि 2030 तक दुनिया परमाणु युद्ध देख सकती है। हालांकि, उन्होंने यह साफ नहीं किया कि किन देशों के बीच यह जंग छिड़ेगी।
मस्क ने कहा कि तनाव कम करने के अलावा कोई दूसरा उपाय उन्हें नजर नहीं आता। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर हालात ऐसे ही रहे तो कई देश तबाह हो सकते हैं और न्यूक्लियर अटैक की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता।
क्यों बढ़ी चिंता
एक यूजर हंटर ऐश ने पोस्ट में सरकारों की लापरवाही और परमाणु हथियारों के कारण बढ़ते जोखिम का जिक्र किया था। इसी चर्चा में मस्क भी शामिल हो गए और उन्होंने वैश्विक युद्ध की भविष्यवाणी कर दी। बातचीत की शुरुआत मार्को नामक यूजर के पोस्ट से हुई थी, जिसमें उन्होंने जीडीपी और विकास मॉडल पर बात की थी।
मस्क का बयान क्यों महत्वपूर्ण
दुनिया में इस समय कई मोर्चों पर तनाव बढ़ा हुआ है। रूस-यूक्रेन युद्ध जारी है। अमेरिका और वेनेजुएला के बीच विवाद है। ताइवान और फिलीपींस का चीन के साथ तनाव बना हुआ है। इजराइल एक साथ कई देशों से संघर्ष की स्थिति में है। अफ्रीका के कई क्षेत्रों में गृहयुद्ध जैसे हालात हैं। कुल मिलाकर 193 देशों में से 70 से ज्यादा देश किसी न किसी तरह के युद्ध या युद्ध की स्थिति से जूझ रहे हैं।
इनमें से रूस, इजराइल, अमेरिका, पाकिस्तान, भारत, फ्रांस, ब्रिटेन और चीन जैसे देशों के पास परमाणु हथियार मौजूद हैं। एक अनुमान के मुताबिक दुनिया में करीब 12 हजार न्यूक्लियर वेपन हैं, जो कई बार पृथ्वी को तबाह कर सकते हैं। यही वजह है कि मस्क की चेतावनी को गंभीर माना जा रहा है।





