सहारनपुर में दिव्यांग युवक की झोपड़ी में संदिग्ध मौत, हत्या की आशंका से गांव में सनसनी

उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले के बाज़ारना गांव में एक दिव्यांग युवक की झोपड़ी में जलकर मौत से हड़कंप मच गया है। झोपड़ी में लगी आग इतनी तेज थी कि कुछ ही मिनटों में पूरा ढांचा राख में बदल गया और पास खड़ी मोटरसाइकिल भी पूरी तरह जलकर नष्ट हो गई। घटना की सूचना रात में ही ग्रामीणों के जरिए परिजनों को मिली।
परिजन जब मौके पर पहुंचे तो तख्त पर पड़े जले हुए शव को देखकर दहशत में आ गए। शव की हड्डियां कोयले की तरह जल चुकी थीं। जानकारी मिलने पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा और फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से अहम साक्ष्य जुटाए।
मृतक तारिख के भाई मोहम्मद मुज़म्मिल ने आरोप लगाया कि उनके दिव्यांग भाई की पहले गला दबाकर हत्या की गई और बाद में सबूत मिटाने के लिए झोपड़ी में आग लगा दी गई। उनका कहना है कि गांव के पूर्व प्रधान ने रात में उन्हें घटना की सूचना दी, लेकिन जब वे पहुंचे तो सब कुछ जल चुका था। परिवार का आरोप है कि तारिख के साथ रहने वाला उसका दोस्त ही इस घटना में शामिल है और घटना के बाद से फरार है।
सहारनपुर के एसपी देहात सागर जैन के अनुसार, 30 नवंबर की रात ग्राम प्रधान की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची थी। फील्ड यूनिट ने साक्ष्य एकत्रित किए और परिजनों की तहरीर पर एक व्यक्ति के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया गया है। पुलिस आरोपी की तलाश में दबिश दे रही है।
एसपी ने बताया कि मामले की जांच कई पहलुओं पर की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि यह वास्तव में हत्या है या किसी अन्य कारण से लगी आग को हत्या का रूप देने की कोशिश की गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के बाद स्थिति और स्पष्ट होगी।
गांव में इस दर्दनाक घटना के बाद डर और गुस्से का माहौल है। ग्रामीणों के अनुसार दिव्यांग तारिख शांत स्वभाव का युवक था और उसकी किसी से दुश्मनी नहीं थी, जिससे उसकी मौत पर कई सवाल खड़े हो गए हैं।





