भारत की ओर बढ़ रहा चक्रवात दितवाह, उड़ानें रद्द और ट्रेनें प्रभावित

श्रीलंका में व्यापक तबाही मचाने के बाद चक्रवाती तूफान दितवाह तेजी से भारत की ओर बढ़ रहा है। भारतीय मौसम विभाग ने तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश और पुडुचेरी के तटीय इलाकों में अलर्ट जारी किया है। तूफान के प्रभाव से तेज हवाओं और भारी बारिश की आशंका जताई गई है, जिससे प्रशासन और राहत एजेंसियां सतर्क मोड पर आ गई हैं।
चक्रवात को देखते हुए चेन्नई एयरपोर्ट पर 54 उड़ानों को रद्द कर दिया गया है। इसके साथ ही दक्षिण भारत में रेल सेवाओं पर भी असर पड़ा है। सदर्न रेलवे ने कई ट्रेनों के समय में बदलाव किए हैं और आपात हालात से निपटने के लिए स्टेशन स्तर पर कंट्रोल रूम और वॉर रूम को सक्रिय कर दिया है।
तमिलनाडु और पुडुचेरी के समुद्री तटीय क्षेत्रों में चक्रवात का असर साफ नजर आ रहा है। समुद्र में ऊंची-ऊंची लहरें उठ रही हैं और हवा की रफ्तार तेज होने लगी है। प्रशासन ने स्थानीय लोगों और मछुआरों से समुद्र तट की ओर न जाने की अपील की है और तटीय रास्तों पर निगरानी बढ़ा दी है।
राज्य में आपदा प्रबंधन को और मजबूत करते हुए डीआरएफ और एसडीआरएफ की 28 टीमों को तैनात किया गया है। वहीं, राहत उपकरणों से लैस एनडीआरएफ की 5 विशेष टीमें चेन्नई में तैनात कर दी गई हैं, ताकि किसी भी संकट की स्थिति में तुरंत बचाव कार्य शुरू किया जा सके।
मौसम विभाग के ताजा अपडेट के अनुसार चक्रवात दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी में सक्रिय है और तमिलनाडु-पुडुचेरी तट के समानांतर उत्तर दिशा में आगे बढ़ रहा है। 29 नवंबर रात 11:30 बजे तूफान वेदरणियम से 90 किमी पूर्व-उत्तरपूर्व, करैकल से 90 किमी पूर्व-दक्षिणपूर्व, जाफना से 130 किमी उत्तर-उत्तरपूर्व, पुडुचेरी से 160 किमी दक्षिण और चेन्नई से 260 किमी दक्षिण में स्थित था।
मौसम विभाग का अनुमान है कि चक्रवात 30 नवंबर की सुबह से शाम के बीच भारतीय तट के सबसे नजदीक पहुंचेगा और अगले 24 घंटों तक इसी प्रणाली के तहत आगे बढ़ेगा। प्रशासन ने प्रभावित क्षेत्रों में सुरक्षा उपायों को बढ़ा दिया है और नागरिकों से सतर्क रहने की अपील की है।





