रील्स की लत बनी मौत की वजह, पिता की डांट से छात्रा ने उठाया खौफनाक कदम

सोशल मीडिया पर रील्स देखने का बढ़ता जुनून अब जानलेवा रूप ले रहा है. आंध्र प्रदेश में रील्स की लत से जुड़े एक बेहद दुखद मामले ने सभी को झकझोर दिया है. श्री सत्य साई जिले के हिंदूपुर के सत्यनारायणपेट इलाके में रहने वाली 19 वर्षीय छात्रा भानु तेजा ने आत्महत्या कर ली. आरोप है कि पिता द्वारा रील्स देखने से मना करने और डांट लगाए जाने के बाद उसने यह खौफनाक कदम उठाया.
भानु तेजा एक निजी कॉलेज में बीबीए प्रथम वर्ष की पढ़ाई कर रही थी. परिजनों के मुताबिक उसे इंस्टाग्राम पर रील्स देखने का बहुत शौक था, जो धीरे-धीरे उसकी आदत में बदल गया था. पढ़ाई के दौरान भी वह किताब के सामने मोबाइल में खोई रहती थी और घंटों तक रील्स स्क्रोल करती रहती थी. इस व्यवहार से परिवार चिंतित था और कई बार उसे समझाने की कोशिश की गई.
घटना वाले दिन भानु के पिता ने उसे पढ़ाई पर ध्यान देने को कहा और रील्स देखने की आदत को लेकर सख्ती से डांट दिया. इसके बाद भानु अपने कमरे में चली गई, जो पहली मंजिल पर स्थित था, और दरवाजा अंदर से बंद कर लिया. काफी देर तक कोई प्रतिक्रिया न मिलने पर परिजनों को शक हुआ. उन्होंने दरवाजा तोड़ा तो देखा कि भानु अपनी साड़ी से बनाए फंदे के सहारे पंखे से लटकी हुई थी.
परिजन उसे तुरंत अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने पुष्टि की कि उसकी मौत अस्पताल पहुंचने से पहले ही हो चुकी थी. इस घटना के बाद इलाके में पुलिस और सुरक्षा बल की तैनाती बढ़ा दी गई और शहर के कई हिस्सों में सघन जांच अभियान भी चलाया गया.
पुलिस मामले की जांच कर रही है. परिवार और परिचितों का कहना है कि यह कदम पिता की डांट से उपजे मानसिक आघात और रील्स की लत से जुड़े तनाव का नतीजा हो सकता है. विशेषज्ञों के मुताबिक रील्स जैसी शॉर्ट वीडियो कंटेंट की लत, खासकर युवाओं पर गंभीर मानसिक प्रभाव डाल सकती है, जिसमें तनाव, अवसाद और भावनात्मक असंतुलन का जोखिम बढ़ जाता है.





