जशपुर में धान खरीदी की बेहतर व्यवस्था से खुश किसान, पारदर्शी प्रक्रिया के साथ बासनतला केंद्र में शुरू हुआ उपार्जन

रायपुर/जशपुर। जिले में धान खरीदी केंद्रों की व्यवस्थाएँ किसानों को राहत दे रही हैं। धान बेचने पहुंचे किसान संतोष यादव ने बताया कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में धान खरीदी केंद्रों में व्यवस्थाएँ काफी बेहतर हुई हैं। उन्होंने कहा कि समय पर ऑनलाइन टोकन मिलना, बारदाना उपलब्ध होना और तौल-खरीदी प्रक्रिया का सुचारू रूप से चलना किसानों के लिए बहुत बड़ी सुविधा है। किसान ने इसके लिए मुख्यमंत्री को आभार भी व्यक्त किया।
जशपुर जिले में धान खरीदी की शुरुआत पारंपरिक विधि-विधान के साथ हुई। कुनकुरी विकासखंड के ग्राम बासनतला धान खरीदी केंद्र में उपार्जन कार्यक्रम का शुभारंभ किसान संतोष यादव का पुष्पमाला पहनाकर स्वागत कर किया गया। इसके बाद धान, तौल मशीन और सामग्री की पूजा-अर्चना कर खरीदी प्रक्रिया शुरू की गई। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि, विभागीय अधिकारी और ग्रामीण बड़ी संख्या में मौजूद रहे।
धान खरीदी केंद्र के प्रबंधक संतोष गुप्ता ने बताया कि शासन के निर्देशों के अनुसार सभी ज़रूरी तैयारियाँ पहले ही पूरी कर ली गई थीं। केंद्र में पेयजल, बारदाना, ऑनलाइन टोकन की व्यवस्था और तौल मशीनों की तकनीकी जांच सुचारू रूप से की गई है। जिला प्रशासन लगातार केंद्रों की निगरानी कर रहा है ताकि किसी भी किसान को धान बेचने में कठिनाई का सामना न करना पड़े।
मुख्यमंत्री के निर्देशों पर जिला प्रशासन का लक्ष्य है कि धान खरीदी प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी, समयबद्ध और किसान हित में संचालित हो। सभी केंद्रों में अधिकारी-कर्मचारी तैनात हैं और व्यवस्थाओं को लगातार मजबूत किया जा रहा है।





