शादी टलने के बाद उठे सवाल, स्मृति मंधाना–पलाश रिश्ते पर विवाद और सफाई की पूरी दास्तान

इंडियन वूमेन क्रिकेट टीम की स्टार बल्लेबाज स्मृति मंधाना और म्यूजिक कंपोजर पलाश मुच्छल पिछले कुछ दिनों से अपनी निजी जिंदगी को लेकर सुर्खियों में हैं। शादी की तारीख अचानक टलने और सोशल मीडिया से पोस्ट डिलीट होने के बाद जबाबदेही से ज्यादा अफवाहों का दौर शुरू हो गया। सोशल मीडिया पर रिश्ते में धोखा और तीसरे व्यक्ति की एंट्री जैसी बातें तेज़ी से फैलने लगीं, जिसने फैंस और आम यूजर्स के बीच हलचल बढ़ा दी।
स्मृति और पलाश लगभग 5 साल से एक-दूसरे को डेट कर रहे हैं। कुछ दिन पहले पलाश ने क्रिकेट ग्राउंड पर स्मृति को शादी के लिए प्रपोज किया था, जिसकी तस्वीरें और वीडियोज सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हुए थे। दोनों के प्री-वेडिंग फंक्शन्स की झलकियां भी लगातार सामने आ रही थीं। 23 नवंबर 2025 को होने वाली शादी को उस समय रोकना पड़ा जब स्मृति के पिता को दिल का दौरा पड़ा और उनकी तबीयत बिगड़ गई। परिवार की प्राथमिकता को देखते हुए शादी के कार्यक्रम स्थगित कर दिए गए।
हालांकि, शादी रुकने के असली कारण से ज्यादा चर्चा तब शुरू हुई, जब स्मृति ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट से प्रपोजल और वेडिंग फंक्शन से जुड़ी सभी तस्वीरें डिलीट कर दीं। इसके बाद से यूजर्स ने अपने-अपने स्तर पर कयास लगाने शुरू कर दिए।
सोशल मीडिया पर इस दौरान दो महिला कोरियोग्राफर— नंदिका द्विवेदी और गुलनाज खान— का नाम तेजी से ट्रेंड करने लगा। एक अनजान अकाउंट से दावा किया गया कि शादी रुकने का कनेक्शन इन कोरियोग्राफर्स से है। लेकिन अब गुलनाज खान ने खुद सामने आकर इन बातों को खारिज कर दिया है।
गुलनाज, बॉस्को–सीजर की कोरियोग्राफी टीम का हिस्सा रही हैं और उन्होंने स्मृति–पलाश के प्री-वेडिंग फंक्शन के डांस सेगमेंट्स भी कोरियोग्राफ किए थे। वायरल चैट को लेकर आरोप लगाया गया कि वह बातचीत पलाश और गुलनाज के बीच की थी, लेकिन गुलनाज ने इसे निराधार बताया।
उन्होंने अपने बयान में कहा— “मेरे और मेरी दोस्त नंदिका को इस मामले से किसी भी रूप में जोड़ना पूरी तरह गलत है। किसी के साथ तस्वीर या जान–पहचान होने का यह मतलब नहीं कि हम उनके व्यक्तिगत फैसलों में शामिल हैं। कृपया सम्मान बनाए रखें और जल्दबाजी में निष्कर्ष न निकालें।”
वहीं, विवाद ने तब और ध्यान खींचा जब पलाश मुच्छल ने गुलनाज को इंस्टाग्राम पर अनफॉलो कर दिया। हालांकि यह एक सामान्य सोशल मीडिया एक्शन भी हो सकता है, लेकिन ऑनलाइन चर्चाओं में इसे भी अलग-अलग नजरिए से देखा जाने लगा।
इस पूरे घटनाक्रम में सबसे अहम बात यह है कि दोनों ने अपने रिश्ते या शादी टूटने जैसी किसी भी बात की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। अफवाहें तेज़ जरूर हैं, लेकिन सच यह है कि शादी स्थगित हुई थी पारिवारिक स्वास्थ्य वजहों से, बाकी कयास मात्र हैं। फैंस अब उम्मीद कर रहे हैं कि इस निजी कहानी में ड्रामा से ज्यादा सकारात्मकता लौटे और दोनों अपने फैसलों को खुद बयान के जरिये सामने रखें।





