मुंबई एयरपोर्ट पर युवती के बैग से की गई चोरी, इंडिगो के जवाब ने बढ़ाया गुस्सा

मुंबई से दिल्ली आने वाली इंडिगो फ्लाइट में एक युवती के साथ हुई चोरी की घटना ने हवाई यात्रा की सुरक्षा व्यवस्था पर बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है। वित्त क्षेत्र में काम करने वाली रितिका अरोड़ा अपने दो सूटकेस चेक-इन कराकर दिल्ली पहुंचीं, लेकिन बैगेज बेल्ट से जब उनका सामान मिला तो सूटकेस की हालत देखकर वह सन्न रह गईं। सूटकेस को ब्लेड से काटकर करीब 40 हजार रुपये का सामान चोरी कर लिया गया था।

रितिका ने तुरंत बैग की तस्वीरें खींचकर सोशल मीडिया पर एयरलाइन को टैग करते हुए शिकायत दर्ज कराई। इसके अलावा उन्होंने एयर सेवा, कस्टमर केयर और ईमेल के जरिये भी शिकायत की। लेकिन हर जगह उन्हें यही जवाब मिला कि सीसीटीवी फुटेज में चोरी का कोई सबूत नहीं मिला है। रितिका के मुताबिक, एयरपोर्ट के कई बैगेज एरिया में कैमरे ही नहीं लगे होते और जहां कैमरे नहीं हैं, वहां के स्टाफ की जांच तक नहीं की गई। उनका कहना है कि इतनी सफाई से बैग काटना किसी प्रशिक्षित अंदरूनी व्यक्ति का काम हो सकता है।

एयरलाइन के जवाब ने रितिका को और नाराज़ कर दिया। इंडिगो की ओर से भेजे गए अंतिम मेल में कहा गया कि कंपनी की शर्तों के अनुसार कीमती सामान कैबिन बैग में ले जाना चाहिए और यात्री चाहे तो पुलिस में शिकायत कर सकती है, एयरलाइन सहयोग करेगी। रितिका ने इस जवाब पर नाराजगी जताते हुए कहा कि एयरलाइन न तो सुरक्षा की जिम्मेदारी ले रही है और न ही गंभीर चोरी को अहमियत दे रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि एयरपोर्ट पर पैसेंजर सेफ्टी से ज्यादा ‘कॉपी-पेस्ट’ जवाब देने पर ध्यान दिया जा रहा है।

रितिका का कहना है कि उनका बैग इतनी बारीकी से काटा गया था कि ऊपर से देख कर किसी को पता भी नहीं चलता। अंदर से सामान निकाल लिया गया और बैग को सावधानी से बंद कर दिया गया। यह साधारण चोरी नहीं, बल्कि अंदर की मिलीभगत का संकेत है। इसके बावजूद एयरलाइन बार-बार सीसीटीवी की बात कर पल्ला झाड़ रही है।

इस घटना ने एयरपोर्ट पर बैगेज सिक्योरिटी पर सवाल खड़े कर दिए हैं। यात्रियों का कहना है कि जब चेक-इन बैग एयरलाइन की जिम्मेदारी में होता है, तब उसकी सुरक्षा सुनिश्चित करना भी एयरलाइन का दायित्व है। रितिका अब पुलिस से लेकर नागरिक उड्डयन मंत्रालय तक शिकायत दर्ज कराने की तैयारी कर रही हैं, ताकि ऐसे मामलों में यात्रियों के साथ दोबारा लापरवाही न हो।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button