बढ़ती ठंड पर स्वास्थ्य विभाग की चेतावनी: शीतलहर में सावधानी बरतें, बंद कमरे में कोयला न जलाएं

रायपुर। प्रदेश में बढ़ रही ठंड और शीतलहर को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने लोगों की सुरक्षा के लिए जरूरी निर्देश जारी किए हैं। विभाग ने कहा है कि बहुत जरूरत न हो तो घर से बाहर निकलने से बचें और यात्रा भी कम करें। ठंड से बचने के लिए गर्म कपड़े पहनें और शरीर को गर्म रखने के लिए चाय, सूप जैसे गर्म तरल पदार्थों का सेवन करते रहें।
अधिकारियों ने बताया कि यदि किसी व्यक्ति में अत्यधिक कंपकंपी, उंगलियों का पीला या सफेद पड़ना, सुन्नता जैसे लक्षण दिखें तो तुरंत डॉक्टर से संपर्क करें। खासकर बच्चों और बुजुर्गों को ठंड में ज्यादा सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
स्वास्थ्य विभाग ने आगाह किया कि कई लोग ठंड से बचने के लिए कोयला जलाकर आग सेंकते हैं, लेकिन बंद कमरे में कोयला जलाना बेहद खतरनाक है। इससे कार्बन मोनोऑक्साइड गैस निकलती है जो जहरीली होती है और जान ले सकती है।
हाइपोथर्मिया यानी शरीर का तापमान बहुत कम होने की स्थिति में व्यक्ति को तुरंत गर्म स्थान पर ले जाकर कंबल से ढक देना चाहिए। इसके लक्षणों में तेज कंपकंपी, बोलने में दिक्कत, मांसपेशियों में जकड़न, भारी सांस लेना और लगातार नींद न आना शामिल हैं। गंभीर हालत में व्यक्ति बेहोश भी हो सकता है, ऐसे में तुरंत अस्पताल ले जाना जरूरी है।
जिला स्वास्थ्य विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि ठंड बढ़ने पर सावधानी बरतें, मौसम के अनुसार कपड़े पहनें और किसी भी स्वास्थ्य समस्या पर तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र से संपर्क करें।





